Dhanbad: गोविंदपुर क्षेत्र अंतर्गत खरखरी कोलियरी में सुरक्षाकर्मी से मारपीट कर सर्विस राइफल लूटने के सनसनीखेज मामले का मधुबन पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में साजिश के मास्टरमाइंड समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि लूटी गई राइफल और दो जिंदा कारतूस भी बरामद कर लिए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, खरखरी कोलियरी में एमडीओ मोड पर कार्यरत हिलटॉप आउटसोर्सिंग कंपनी की सुरक्षा व्यवस्था में तैनात किंग्समैन प्राइवेट सिक्योरिटी फोर्स सर्विसेज लिमिटेड के गार्ड मुकेश कुमार राम गुरुवार देर रात बाबुडीह जंगल से ब्राह्मडीहा मोड़ के समीप पेट्रोलिंग कर रहे थे। इसी दौरान चार हमलावरों ने उन पर हमला कर बेरहमी से मारपीट की और उनकी निजी लाइसेंसी सर्विस राइफल छीनकर फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित गार्ड के बयान पर मधुबन थाना में चार अज्ञात अपराधियों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी शुभम कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को किंग्समैन सिक्योरिटी के गनमैन अनिल यादव और वाहन चालक सचिन गोप की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर दोनों ने पूरे मामले का खुलासा कर दिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि यह वारदात आपसी रंजिश और पैसों के लेनदेन के विवाद के कारण रची गई थी। गनमैन अनिल यादव ने पूर्व के आर्थिक विवाद को लेकर पूरी साजिश तैयार की थी, जिसे वाहन चालक सचिन गोप के सहयोग से अंजाम दिया गया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने ब्राह्मडीहा जंगल से लूटी गई सर्विस राइफल और दो जिंदा कारतूस बरामद कर लिए हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर शनिवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी शुभम कुमार ने बताया कि सुरक्षाकर्मी पर हमला कर हथियार लूटने की घटना बेहद गंभीर है। मामले में शामिल अन्य चार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।








