Ranchi: राजधानी रांची के डिबडीह स्थित कार्निवाल बैंक्वेट हॉल में आयोजित ‘प्रबुद्ध नागरिक संवाद कार्यक्रम – विकसित भारत @2047’ में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने झारखंड और देश के विकास को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि “झारखंड को हमने बनाया है और हम ही इसे अटल बिहारी वाजपेयी के सपनों का झारखंड बनाएंगे।”
नितिन नवीन ने कहा कि झारखंड की संस्कृति, विरासत और पहचान को सुरक्षित रखते हुए राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनका झारखंड से भावनात्मक रिश्ता रहा है और यह भूमि बाबा वैद्यनाथ धाम एवं मां छिन्नमस्तिका की पावन धरती है।
किसानों की आय बढ़ाने और ऑर्गेनिक खेती पर जोर
कार्यक्रम में किसानों से जुड़े सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि देश का किसान खुश रहेगा तो देश भी खुशहाल रहेगा। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार किसानों की आय बढ़ाने और ऑर्गेनिक खेती को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है। हर जिले में जैविक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष योजनाएं चलाई जा रही हैं।
गरीबों, महिलाओं और युवाओं के लिए योजनाओं का जिक्र
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला गया है। 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन, 60 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत योजना और करोड़ों महिलाओं को जनधन, उज्ज्वला और अन्य योजनाओं का लाभ मिला है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए 3 करोड़ ‘लखपति दीदी’ तैयार की गई हैं। साथ ही महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का संकल्प भी भाजपा ने लिया है।
युवाओं के लिए स्टार्टअप और रोजगार के नए अवसर
नितिन नवीन ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश है। देश में 2 लाख से अधिक स्टार्टअप और 125 से ज्यादा यूनिकॉर्न कंपनियां काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि भारत का युवा अब नौकरी खोजने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बन रहा है।
उन्होंने डिजिटल इंडिया, मुद्रा योजना और AI सेक्टर में भारत की बढ़ती भूमिका का भी उल्लेख किया। उनके अनुसार, आज भारत मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग में दुनिया के अग्रणी देशों में शामिल हो चुका है।
विकसित भारत 2047 का लक्ष्य
उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना प्रधानमंत्री मोदी का लक्ष्य है। इसके लिए किसानों, युवाओं, महिलाओं, उद्यमियों और समाज के हर वर्ग को मिलकर योगदान देना होगा।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी समेत बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन, शिक्षाविद, चिकित्सक, अधिवक्ता और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








