Ranchi: झारखंड में चुनावी सरगर्मियों के बीच भाजपा ने भविष्य की सियासी जंग के लिए अपनी बिसात बिछानी शुरू कर दी है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के दो दिवसीय झारखंड प्रवास के दूसरे दिन रांची स्थित प्रदेश कार्यालय में एक बेहद महत्वपूर्ण और हाई-प्रोफाइल संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई।
इस बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों, सभी मोर्चों के अध्यक्षों, जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारियों सहित सोशल मीडिया और आईटी सेल के प्रमुख रणनीतिकार शामिल हुए। बैठक का आगाज महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन और ‘वंदे मातरम्’ के नारों के साथ हुआ।
व्यक्ति नहीं, पार्टी सर्वोपरि: 2029 के लिए कमर कसने का निर्देश
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने एक बड़ा एलान किया। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि वर्तमान सांगठनिक टीम का गठन वर्ष 2029 के दूरगामी लक्ष्य को ध्यान में रखकर किया गया है और यही टीम आगामी चुनावों में पार्टी का नेतृत्व करेगी।
पिछले चुनावों के नतीजों पर आत्ममंथन करते हुए उन्होंने कहा-“झारखंड हमेशा से भाजपा का गढ़ था, है और रहेगा। विपक्षी दलों ने झूठ का जाल बुनकर जनता को गुमराह किया, जिससे हमें अपेक्षित सफलता नहीं मिली। हम जनता का भरोसा पूरी तरह जीतने में कहीं चूक गए, जिसके जिम्मेदार हम सभी हैं। लेकिन अब निराशा को आशा में बदलने का वक्त आ चुका है।”
नितिन नवीन ने संगठन को धार देने के लिए ‘शक्तिकेंद्र’ बैठकों और बूथ स्तर की कमियों को दूर करने पर जोर दिया। उन्होंने हर मंडल में कम से कम 100 सक्रिय कार्यकर्ताओं की फौज खड़ी करने और तीन कार्यकाल से जुड़े पुराने व वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की सूची बनाकर उन्हें दोबारा मुख्यधारा से जोड़ने का कड़ा निर्देश दिया।
दफ्तरों को बनाएं संवाद का केंद्र, हर 3 महीने में देनी होगी रिपोर्ट
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने जिला अध्यक्षों को नसीहत दी कि जिला कार्यालय केवल प्रशासनिक काम के लिए नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं के संवाद का उत्सव केंद्र बनने चाहिए। उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की दैनिक रिपोर्टिंग और हर तीन महीने में पदाधिकारियों के प्रवास की रिपोर्ट सौंपने का लक्ष्य निर्धारित किया। साथ ही, समाज के प्रबुद्ध नागरिकों से जुड़ने के लिए हर जिले में 500 प्रमुख लोगों की सूची तैयार करने का टास्क भी दिया।
Read More- कोडरमा में युवक की पीट-पीटकर हत्या, इलाके में तनाव का माहौल
आदित्य साहू और बाबूलाल मरांडी ने कार्यकर्ताओं में फूंकी जान
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के सरल व्यक्तित्व की सराहना करते हुए कहा कि एक सामान्य कार्यकर्ता से शीर्ष पद तक का उनका सफर भाजपा की जमीनी संस्कृति को दिखाता है। उनके इस दौरे से झारखंड के कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है।
वहीं, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सूबे की जेएमएम-कांग्रेस सरकार पर जल, जंगल और जमीन के नाम पर भ्रष्टाचार करने का संगीन आरोप लगाया। मरांडी ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और जमीन माफिया राज कर रहे हैं।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को सिर्फ पार्टी कार्यक्रमों तक सीमित न रहकर स्थानीय जनमुद्दों को लेकर सड़कों पर उतरने और उग्र आंदोलन करने का आह्वान किया। बैठक के अंत में संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने बूथ सशक्तिकरण और आगामी प्रशिक्षण अभियानों का पूरा खाका राष्ट्रीय अध्यक्ष के सामने पेश किया।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









