Ranchi: पीएम मोदी के नाम देश के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बने रहने का ऐतिहासिक रिकॉर्ड दर्ज होने के बाद पूरे देश की तरह झारखंड में भी उत्साह और जश्न का माहौल देखने को मिला। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों पर पूजा-अर्चना कर प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और राष्ट्रहित में उनके नेतृत्व की निरंतर सफलता की कामना की।
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने रांची के मुड़मा स्थित राजी पहाड़ा जतरा शक्ति खूंटा में पाहन एवं सरना समाज के लोगों के साथ विशेष पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लंबे और स्वस्थ जीवन के लिए प्रार्थना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि देशवासियों के विश्वास और जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
भाजपा नेताओं ने की विशेष पूजा
प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने रांची के पहाड़ी मंदिर में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक और पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने 12 वर्षों में देश को विकास, आत्मनिर्भरता और वैश्विक पहचान की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।
वहीं प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप वर्मा और प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने बोकारो के मामरकोदर स्थित शिव मंदिर में पूजा-अर्चना कर राष्ट्र की उन्नति और प्रधानमंत्री के सफल नेतृत्व की मंगलकामना की।
भाजपा ने बताया जनसेवा और राष्ट्रविश्वास का प्रतीक
भाजपा नेताओं का कहना है कि नरेंद्र मोदी का कार्यकाल जनकल्याण, सुशासन और विकसित भारत के संकल्प को समर्पित रहा है। पार्टी नेताओं ने इसे लोकतांत्रिक इतिहास का स्वर्णिम अध्याय बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









