Palamu: पलामू जिले के मेदिनीनगर से किछौछा शरीफ की जियारत कर लौट रहे श्रद्धालुओं की यात्रा शुक्रवार देर रात दर्दनाक हादसे में बदल गई। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर देवगांव थाना क्षेत्र के कंजहित बाजार के पास बरडीहा मोड़ पर तेज रफ्तार अर्टिगा कार और ट्रेलर की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से अस्पताल भेजा गया। इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई, जिससे मृतकों की संख्या चार हो गई।
मृतकों की पहचान मेदिनीनगर के हाफिज रज्जाक, कैश, शोहराब राईन और चालक अरबाज खान के रूप में हुई है। वहीं गंभीर रूप से घायल अजमल आलम का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।
हादसे के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बाधित
स्थानीय लोगों के अनुसार, दुर्घटना इतनी भयानक थी कि बचाव कार्य में काफी मशक्कत करनी पड़ी। सूचना मिलते ही देवगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को सूचना दी जा रही है।
इस हादसे के बाद कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने सामान्य कराया। दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है, हालांकि प्रारंभिक अनुमान तेज रफ्तार और लापरवाही माना जा रहा है।
घटना के बाद मेदिनीनगर में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में मातम का माहौल है।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









