Dhanbad: धनबाद शहर के प्रमुख खेल मैदान गोल्फ ग्राउंड में प्रस्तावित डिजनीलैंड मेले के आयोजन को लेकर खिलाड़ियों और स्थानीय युवाओं का विरोध तेज हो गया है। रविवार को स्थानीय युवाओं, खिलाड़ियों और होमगार्ड एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने डुमरी विधायक जयराम महतो से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने गोल्फ ग्राउंड को खेल गतिविधियों के लिए सुरक्षित रखने की मांग की।
दूसरे ग्राउंड में मेला लगाने की मांग
खिलाड़ियों ने कहा कि गोल्फ ग्राउंड में प्रतिदिन सैकड़ों युवा क्रिकेट, फुटबॉल, दौड़ समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं और बहाली की तैयारी के लिए अभ्यास करते हैं। ऐसे में मैदान में मेला आयोजित होने से खिलाड़ियों का अभ्यास प्रभावित होगा और खेल गतिविधियां ठप हो जाएंगी।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल निखिल कुमार ने कहा कि पिछले वर्ष भी गोल्फ ग्राउंड में मेला लगाने का प्रस्ताव आया था। उस समय इसे रोकने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। खिलाड़ियों ने सवाल उठाया कि जिला परिषद मैदान, कोहिनूर मैदान और झारखंड मैदान जैसे अन्य मैदान उपलब्ध होने के बावजूद गोल्फ ग्राउंड का ही चयन क्यों किया जा रहा है।
विधायक जयराम महतो से मामले में हस्तक्षेप की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन और विधायक जयराम महतो से मामले में हस्तक्षेप कर गोल्फ ग्राउंड में मेला लगाने का निर्णय रद्द कराने की मांग की। विधायक जयराम महतो ने खिलाड़ियों और स्थानीय लोगों की आपत्ति को गंभीरता से लेने तथा संबंधित अधिकारियों से बातचीत करने का आश्वासन दिया।
वहीं, युवाओं ने चेतावनी दी कि यदि गोल्फ ग्राउंड में मेला लगाने का निर्णय वापस नहीं लिया गया तो वे उपायुक्त कार्यालय का घेराव कर आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








