Cyclone Arnab: झारखंड में तूफान ‘अर्नब’ के असर से मौसम का मिजाज बिगड़ गया है। राजधानी रांची समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा में बहुत भारी बारिश की आशंका जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
रांची, खूंटी, चतरा, कोडरमा, हजारीबाग, रामगढ़, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी-पश्चिमी सिंहभूम के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। खराब मौसम के कारण रांची और जमशेदपुर समेत कई जिलों में स्कूल बंद रखने का आदेश दिया गया है।
Cyclone Arnab: बारिश से तापमान में गिरावट, उड़ानों पर असर
लगातार बारिश से रांची में अधिकतम तापमान 5.8 डिग्री गिरकर 24.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। लातेहार में अधिकतम तापमान 21.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो पिछले स्तर से 8.6 डिग्री कम है।
पिछले 24 घंटे में सरायकेला-खरसावां के नीमडीह में सबसे अधिक 49.82 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। रांची में खराब दृश्यता और मौसम की वजह से हवाई यातायात भी प्रभावित हुआ। मुंबई, दिल्ली और बेंगलुरु से आने वाली तीन उड़ानें करीब डेढ़ घंटे देरी से पहुंचीं।
Cyclone Arnab: 2 नवंबर तक बारिश की संभावना
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 30 अक्टूबर को राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर वज्रपात की आशंका है। बंगाल की खाड़ी में नया निम्न दबाव क्षेत्र विकसित हो रहा है, जिसका असर 2 नवंबर तक रह सकता है। लोगों को तेज हवाओं, आकाशीय बिजली और भारी बारिश के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









