Koderma: कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र के असनाबाद में रविवार दोपहर एक युवक पर दिनदहाड़े चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में असनाबाद निवासी इम्तियाज अहमद उर्फ गुड्डू गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका इलाज सदर अस्पताल, कोडरमा में चल रहा है।
एक नए मोबाइल का डिब्बा और रसीद मिला
मिली जानकारी के मुताबिक रविवार दोपहर करीब 12 बजे एक युवक दुकान से निकलकर भागने लगा। कुछ ही देर बाद दुकान संचालक भी लहूलुहान हालत में दुकान से बाहर निकले और उक्त युवक का पीछा करने लगे। सड़क पर पहुंचते ही वह गिर पड़े।
सईद नसीम ने अन्य लोगों की मदद से घायल इम्तियाज को निजी वाहन से सदर अस्पताल भेजा। उनके अनुसार, अस्पताल ले जाते समय इम्तियाज ने घायल अवस्था में बताया कि गौरव कुमार नामक युवक ने उन पर चाकू से हमला किया है।
उग्र ग्रामीणों ने रांची-पटना मार्ग किया जाम
घटना की सूचना मिलने पर तिलैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। दुकान के पास प्लास्टिक में एक नए मोबाइल का डिब्बा और रसीद मिली, जिस पर असनाबाद निवासी गौरव कुमार सिंह का नाम दर्ज बताया गया है। दुकान के काउंटर से गौरव कुमार सिंह के नाम का आधार कार्ड और पैन कार्ड की छायाप्रति भी मिलने की बात कही गई है।
इन बरामदगी के आधार पर पुलिस गौरव कुमार सिंह की भूमिका की जांच कर रही है। हालांकि, पुलिस की ओर से आरोपी की संलिप्तता की पुष्टि नहीं की गई है।
घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने रांची-पटना मार्ग जाम कर दिया। करीब 10 मिनट बाद जाम हटाया गया, लेकिन बाद में लोगों ने दोबारा सड़क जाम कर दिया। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.







