Ranchi: मानसून के मद्देनजर रांची नगर निगम ने शहर की नदियों और जलाशयों की सफाई एवं संरक्षण अभियान को तेज कर दिया है। इसी क्रम में शनिवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने वार्ड संख्या-43 स्थित भूसुर नदी और वार्ड संख्या-36 स्थित डिबडीह नदी का अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ विस्तृत निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान नदी की सफाई व्यवस्था, जलकुंभी की स्थिति, अतिक्रमण, अवैध निर्माण, भवनों से निकलने वाले ड्रेनेज तथा नदियों में बहाए जा रहे ठोस और तरल अपशिष्ट का जायजा लिया गया। इस दौरान नगर आयुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि नदियों को प्रदूषण और अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जलकुंभी हटाने और गाद निकासी में तेजी लाने का निर्देश
नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को जेसीबी और मैनुअल दोनों माध्यमों से गाद निकासी कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही जलकुंभी हटाने के लिए विशेष अभियान चलाने, नदी तटीय क्षेत्रों में अतिक्रमण चिन्हित कर अवैध संरचनाओं को हटाने तथा भवन निर्माण नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा।
बाईपास रोड किनारे अतिक्रमण हटाने का आदेश
निरीक्षण के दौरान बाईपास मार्ग के दोनों ओर रोड फ्लैंक पर किए गए अतिक्रमण को हटाने और भवनों से निकलने वाले ड्रेनेज को नदी या मुख्य मार्ग में प्रवाहित करने वालों पर जुर्माना लगाने के निर्देश भी दिए गए। नगर निगम ने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।
बरसात में जल निकासी बाधित करने वालों पर होगी कार्रवाई
नगर आयुक्त ने कहा कि बरसात के दौरान नदियों का सुचारु प्रवाह और जल निकासी व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि नदियों में अपशिष्ट प्रवाह रोकने और अतिक्रमण हटाने के लिए नगर निगम लगातार प्रभावी अभियान चलाएगा।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








