Ranchi: चित्रपट झारखंड फिल्म फेस्टिवल 2026 को लेकर फिल्मकारों और सिने प्रेमियों के बीच उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। इस वर्ष फेस्टिवल के लिए झारखंड के विभिन्न जिलों से कुल 84 फिल्मों की प्रविष्टियां प्राप्त हुई हैं। आयोजन समिति के अनुसार फिल्म जमा करने की अंतिम तिथि 10 जून तक राज्यभर से बड़ी संख्या में फिल्म निर्माताओं ने अपनी रचनाएं भेजीं, जो झारखंड में विकसित हो रही सशक्त फिल्म संस्कृति का संकेत है।
प्राप्त फिल्मों में फीचर फिल्म, लघु फिल्म, वृत्तचित्र, सामाजिक सरोकारों पर आधारित फिल्में, जनजातीय संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, पर्यटन और ऐतिहासिक विषयों पर केंद्रित कई रचनाएं शामिल हैं। समिति ने सभी प्राप्त फिल्मों की सूची सार्वजनिक कर दी है।
फेस्टिवल में शामिल प्रमुख फिल्मों में ‘पलाश’, ‘सुंदरी जंगल’, ‘झरिया का मुंगरू’, ‘मां भारती’, ‘बदलाव’, ‘जय मां काली’, ‘आत्म परीक्षण’, ‘हाथी मेरे साथी’, ‘तय है सुबह का आना’, ‘मेरा लाल’, ‘प्रेम जाल’, ‘टूटी उड़ान’, ‘मिसिंग डायरी’, ‘भटकते सितारे’, ‘इमरती’, ‘माटी’, ‘पलायन’, ‘मिट्टी का सम्मान’, ‘प्रेरणा’, ‘महादेव त्रिशूल’, ‘अधूरी उड़ान’, ‘गुनाह’, ‘उलझन’, ‘मानव तस्करी से लड़ें’, ‘ड्रग एब्यूज़’, ‘डिजिटल इंडिया’, ‘वंदे मातरम’, ‘काल शिला’, ‘माही’, ‘झरिया द बर्निंग लैंड’, ‘दहाड़’, ‘गुल्लक’, ‘किसान का कर्ज’ और ‘राष्ट्र सेवा में समर्पण’ जैसी अनेक फिल्में शामिल हैं।
आयोजन समिति ने बताया कि वर्तमान में सभी फिल्मों का प्री-व्यू किया जा रहा है। प्रारंभिक परीक्षण प्रक्रिया पूरी होने के बाद फिल्मों को अंतिम मूल्यांकन के लिए जूरी सदस्यों के पास भेजा जाएगा। जूरी द्वारा चयन और मूल्यांकन के बाद विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं की घोषणा फेस्टिवल के दौरान की जाएगी।
फेस्टिवल निदेशक के अनुसार इस वर्ष प्राप्त फिल्मों की संख्या और विषयों की विविधता यह दर्शाती है कि झारखंड में फिल्म निर्माण के क्षेत्र में लगातार सकारात्मक विकास हो रहा है। सामाजिक मुद्दों से लेकर संस्कृति, पर्यावरण और समकालीन चुनौतियों तक विभिन्न विषयों पर बनी फिल्मों ने फेस्टिवल को और समृद्ध बनाया है।
आयोजन समिति ने फिल्मकारों, सहयोगियों और दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि चयन प्रक्रिया, जूरी पैनल और कार्यक्रम से जुड़ी अन्य जानकारियां समय-समय पर फेस्टिवल के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा की जाएंगी।
गौरतलब है कि चित्रपट झारखंड फिल्म फेस्टिवल 2026 का आयोजन 26 से 28 जून 2026 तक सरला बिरला विश्वविद्यालय परिसर में किया जाएगा। तीन दिवसीय इस आयोजन के दौरान चयनित फिल्मों का प्रदर्शन, संवाद सत्र, विशेषज्ञ चर्चाएं और भव्य पुरस्कार समारोह आयोजित किए जाएंगे।
वरिष्ठ पत्रकार एवं राजनीतिक विश्लेषक। झारखंड, बिहार और राष्ट्रीय राजनीति, शिक्षा, प्रशासनिक मामलों और विकास नीतियों पर 10+ वर्षों का जमीनी पत्रकारिता अनुभव। निष्पक्ष और प्रमाणिक समाचार रिपोर्टिंग के लिए समर्पित।









