Patna: बिहार की राजधानी पटना के चर्चित ज्ञान बिंदु कोचिंग (Gyan Bindu Coaching Center) विवाद में एक बेहद चौंकाने वाला मोड़ सामने आया है। कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव (Prince Yadav) की नेपाल के विराटनगर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। प्रिंस यादव का नाम मशहूर शिक्षक खान सर (Khan Sir) की कोचिंग पर हुए हमले और तोड़फोड़ के मामले में दर्ज FIR में शामिल था। इस घटना के बाद से बिहार के सियासी और कोचिंग जगत में सनसनी फैल गई है।
Read More: Jharkhand में मंईयां सम्मान योजना के 6700 लाभुक लापता, भुगतान पर रोक
नेपाल के होटल में ठहरे थे, दोस्तों से पूछताछ जारी
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, प्रिंस यादव अपने 6-7 दोस्तों के साथ नेपाल के विराटनगर (वार्ड नंबर-9) स्थित एक होटल में ठहरे हुए थे। बताया जा रहा है कि शनिवार रात अत्यधिक शराब पीने की वजह से उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हालांकि, मौत की असली वजह क्या है, इसकी अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। नेपाल पुलिस ने होटल के रजिस्टर और सीसीटीवी (CCTV) फुटेज को कब्जे में ले लिया है और उनके साथ ठहरे साथियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
सांसद पप्पू यादव का बड़ा दावा: “यह सामान्य मौत नहीं, हत्या है”
प्रिंस यादव की संदिग्ध मौत पर पूर्णिया के नवनिर्वाचित सांसद पप्पू यादव (Pappu Yadav) ने बिहार सरकार और कानून व्यवस्था पर तीखे सवाल उठाए हैं। उन्होंने इसे एक सोची-समझी हत्या करार दिया है।
पप्पू यादव ने फेसबुक पर पोस्ट कर लिखा: “ज्ञानबिंदु के डायरेक्टर रोशन आनंद के भाई प्रिंस की नेपाल विराटनगर में हत्या! यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। बिहार सरकार नेपाल प्रशासन से संपर्क कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाए। हत्यारों पर अविलंब कार्रवाई हो, एक भाई जेल में बंद हैं, दूसरे की हत्या, मेरी संवेदना परिवार के साथ है!”
वकील ने जताया इंटरनेशनल कनेक्शन और बड़ी साजिश का शक
रौशन आनंद के वकील निरंजन कुमार सिंह ने इस मामले में किसी बड़े नेक्सस और इंटरनेशनल कनेक्शन (International Connection) की आशंका जताई है। उन्होंने कहा कि जिस क्रम में घटनाएं घटी हैं—पहले भाई की गिरफ्तारी, फिर अंतरिम राहत और अब अचानक नेपाल में संदिग्ध मौत—यह सब एक बड़ी साजिश की तरफ इशारा करता है। हालांकि, मामला जांच के अधीन होने के कारण उन्होंने ज्यादा टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
Patna khan Sir की कोचिंग से जुड़ा विवाद
यह पूरा मामला पटना के मुसल्लहपुर हाट स्थित खान ग्लोबल स्टडीज (Khan Global Studies) से जुड़ा है। खान सर की कोचिंग का मैनेजमेंट देखने वाले कन्हैया कुमार सिंह ने 2 जून 2026 को एक FIR दर्ज कराई थी।
- आरोप था कि 2 जून की रात करीब 10 बजे ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद के कहने पर प्रिंस यादव, अभिषेक और उनके स्टाफ ने 15-20 लड़कों के साथ खान सर की कोचिंग पर हमला किया।
- हमलावरों ने खान सर की कोचिंग के गार्ड चुनचुन को बुरी तरह पीटा, जिससे उसका सिर फट गया। इसके अलावा कोचिंग का बोर्ड, बैरिकेडिंग और खान सर की तस्वीरें भी तोड़ दी गईं।
- पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, साल 2021 में भी खान सर की कोचिंग पर हुए हमले में प्रिंस यादव का नाम सामने आया था। इसी केस में गिरफ्तारी से बचने के लिए प्रिंस नेपाल भाग गया था।
रौशन आनंद फिलहाल जेल में, सोमवार को बेल पर सुनवाई
इस हाई-प्रोफाइल मामले में पटना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद (Raushan Anand) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जो फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं। सोमवार को उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई होनी है।
दूसरी ओर, इस मामले में खान सर के दो गार्ड्स भी जेल में बंद हैं, जिनकी जमानत याचिका खारिज हो चुकी है, जबकि पटना सिविल कोर्ट ने खुद खान सर की गिरफ्तारी पर फिलहाल रोक लगा रखी है। इस बीच प्रिंस यादव की मौत ने इस पूरे विवाद को और ज्यादा उलझा दिया है।
ये भी देखें: CCTV में आखिरी बार दिखी, फिर बंद हो गए सभी कैमरे… आखिर कहां है मासूम Aditi Pandey?
कंटेंट राइटर एवं रिपोर्टर, खबर मन्त्र। झारखंड के स्थानीय समाचार, महिला विकास, कला और लाइफस्टाइल खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।









