Giridih News: गिरिडीह जिले के बिरनी प्रखंड स्थित भरकट्टा ओपी क्षेत्र के सिरमाडीह गांव में महिला की निर्मम हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने पति और बहू को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में भरकट्टा ओपी पुलिस ने रविवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर पूरे मामले की जानकारी दी है।
पुलिस के द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, 14 जून 2026 की सुबह करीब 8:10 बजे पुलिस को सूचना मिली कि सिरमाडीह गांव निवासी कुर्शी देवी (50 वर्ष), पति दौलत साव की गला रेतकर हत्या कर दी गई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस तत्काल घटनास्थल पहुंची और मामले की जांच शुरू की। घटना के संबंध में हेमंती कुमारी के आवेदन पर बिरनी थाना (भरकट्टा ओपी) में कांड दर्ज किया गया। इधऱ मामले की गंभीरता को देखते हुए गिरिडीह पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बगोदर-सरिया एसडीपीओ धनंजय राम के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्य, गुप्त सूचना एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल आरोपियों की तलाश शुरू की।
इसी बीच जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर मृतका के पति दौलत साव (55 वर्ष) तथा बहू प्रीति देवी (20 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह
पुलिस के अनुसार, मृतका कुर्शी देवी पिछले लगभग पांच वर्षों से अस्वस्थ चल रही थीं। वहीं प्रीति देवी का पति श्रवण कुमार मजदूरी करने के लिए बाहर रहता था। इसी दौरान दौलत साव और उसकी बहू प्रीति देवी के बीच प्रेम संबंध विकसित हो गया था। मृतका कुर्शी देवी इस संबंध का लगातार विरोध कर रही थीं, जिससे दोनों आरोपी परेशान थे। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि विरोध से छुटकारा पाने के लिए दोनों ने मिलकर कुर्शी देवी की हत्या की साजिश रची। योजना के तहत 13 जून 2026 की शाम करीब 5 बजे वारदात को अंजाम दिया गया।

न्यूज डेस्क राइटर, खबर मन्त्र। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, खेल जगत और वायरल समसामयिक विषयों पर त्वरित और सटीक समाचार संपादन।









