Ranchi: भारतीय जनता पार्टी की झारखंड इकाई ने आगामी संगठनात्मक और जनसरोकार से जुड़े कार्यक्रमों को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में रांची स्थित BJP प्रदेश कार्यालय में प्रदेश पदाधिकारियों की मासिक बैठक आयोजित हुई, जिसमें बीते कार्यक्रमों की समीक्षा के साथ-साथ आने वाले आयोजनों की विस्तृत रणनीति तैयार की गई।
बैठक के बाद प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देशों के अनुरूप संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए मंडल, शक्ति केंद्र, बूथ, जिला और प्रदेश स्तर पर नियमित मासिक बैठकों की व्यवस्था की गई है। इसी क्रम में प्रत्येक माह की 15 तारीख को प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि बैठक में पिछले एक महीने के कार्यक्रमों की समीक्षा की गई और आगामी अभियानों की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा हुई। भाजपा 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पूरे प्रदेश में व्यापक स्तर पर योग कार्यक्रम आयोजित करेगी। इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में किसान मोर्चा द्वारा सभी जिलों में जैविक खेती विषय पर संगोष्ठियां आयोजित की जाएंगी।
प्रदेश महामंत्री ने बताया कि 23 जून को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर श्रद्धांजलि एवं स्मरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं 25 जून को आपातकाल की वर्षगांठ पर लोकतंत्र पर हुए प्रहार को याद करते हुए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के हालिया झारखंड प्रवास, हाल में संपन्न प्रशिक्षण वर्ग और मोदी सरकार के 12 वर्षों के उपलक्ष्य में चल रहे अभियानों की भी समीक्षा की गई। साथ ही अगले एक महीने के संगठनात्मक कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तैयार करने पर जोर दिया गया।
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के नेतृत्व में आयोजित इस बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह सहित प्रदेश के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और नेता मौजूद रहे। पार्टी का कहना है कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








