हिमांशु सिंह हत्याकांड में पुलिस की कार्रवाई तेज
जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन बार के बाहर करनी सेना के युवा जिलाध्यक्ष हिमांशु सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। बुधवार को इस मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया, जब पुलिस ने डबल डाउन बार के संचालक नीरज सिंह के मानगो स्थित आवास पर छापेमारी की।
हालांकि छापेमारी के दौरान नीरज सिंह घर पर मौजूद नहीं मिला। पुलिस ने उसके घर से डिफेंडर और किया कंपनी की दो गाड़ियों को जब्त कर थाने ले गई। फिलहाल उसकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
बार में विवाद के बाद बुलाए गए थे आरोपी?
पुलिस की शुरुआती जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि बार के अंदर हुए विवाद के बाद कथित तौर पर बार संचालक ने कदमा निवासी राहुल दुबे और गम्हरिया निवासी विश्वनाथ मंडल को मौके पर बुलाया था।
हालांकि पुलिस ने अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
जांच एजेंसियां अब आरोपियों और बार संचालक के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की जांच कर रही हैं, ताकि घटना के दौरान किससे संपर्क हुआ और पूरी साजिश कैसे रची गई, इसकी कड़ियां जोड़ी जा सकें।
45 घंटे बाद खत्म हुआ गतिरोध
दूसरी ओर, इस मामले में लगभग 45 घंटे से चला आ रहा गतिरोध भी बुधवार को समाप्त हो गया।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने प्रशासन की कार्रवाई से नाराज होकर शव लेने से इनकार कर दिया था। इसके बाद पूरे दिन जिला प्रशासन और परिजनों के बीच कई दौर की बातचीत हुई।
प्रशासन की ओर से कार्रवाई का भरोसा मिलने के बाद स्थिति सामान्य हुई और गतिरोध समाप्त हो गया।
भाजपा ने सरकार को घेरा, 48 घंटे का अल्टीमेटम
इस हत्याकांड ने अब राजनीतिक रंग भी ले लिया है। भारतीय जनता पार्टी ने इसे राज्य की बिगड़ती कानून व्यवस्था का बड़ा उदाहरण बताते हुए जिला प्रशासन को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है।
भाजपा ने मांग की है कि हत्याकांड के सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए, हत्या के समय ड्यूटी पर मौजूद पुलिस अधिकारियों की भूमिका की जांच हो और दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाए।
पार्टी ने चेतावनी दी है कि अगर तय समय सीमा के भीतर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो 3 जुलाई को जमशेदपुर बंद किया जाएगा। इससे पहले 2 जुलाई की शाम शहर में मशाल जुलूस निकाला जाएगा।
बाबूलाल मरांडी ने कहा- सिर्फ अधिकारियों को हटाना काफी नहीं
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर निशाना साधते हुए एसपी और एसएसपी को हटाने की कार्रवाई को “सिर्फ खानापूर्ति” बताया।
उन्होंने कहा कि यदि सरकार वास्तव में गंभीर है तो घटनास्थल पर मौजूद पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज होनी चाहिए। मरांडी ने दावा किया कि झारखंड में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और इसके लिए मुख्यमंत्री जिम्मेदार हैं।
भानु प्रताप शाही ने लगाए गंभीर आरोप
भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही ने आरोप लगाया कि हिमांशु सिंह की हत्या पुलिस की मौजूदगी में हुई। उन्होंने दावा किया कि जमशेदपुर तेजी से नशे की चपेट में आ रहा है और नशे का कारोबार व कई अवैध गतिविधियां पुलिस और प्रशासन के संरक्षण में चल रही हैं।
उन्होंने मांग की कि अपराधियों के साथ-साथ घटनास्थल पर मौजूद पुलिस अधिकारियों की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच की जाए।
आदित्य साहू और संजीव सिन्हा ने भी उठाए सवाल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि झारखंड में कानून व्यवस्था गंभीर संकट में है। उन्होंने हत्या के समय ड्यूटी पर मौजूद पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी कि जरूरत पड़ी तो भाजपा जमशेदपुर बंद के बाद झारखंड बंद का भी निर्णय ले सकती है।
वहीं भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने आरोप लगाया कि जमशेदपुर में हत्या, रंगदारी, नशे का कारोबार और चाकूबाजी जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने सरकार की नशामुक्ति नीति पर भी सवाल उठाए।
जांच जारी, कई सवालों के जवाब बाकी
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की कई पहलुओं से जांच कर रही है। बार संचालक की तलाश जारी है, कॉल डिटेल रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं और वारदात से जुड़े सभी तथ्यों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
वहीं दूसरी ओर, यह मामला अब कानून व्यवस्था और राजनीतिक जवाबदेही का बड़ा मुद्दा बन चुका है। आने वाले दिनों में पुलिस जांच और प्रशासन की कार्रवाई पर सभी की नजर रहेगी।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








