Ranchi: झारखंड सरकार के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। संयुक्त सचिव अनुज कुमार प्रसाद को खाद्य सुरक्षा आयुक्त कार्यालय, नामकुम (रांची) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इससे जुड़ी अधिसूचना जारी कर दी गई है। यह जिम्मेदारी अपने वर्तमान कार्यों के साथ अतिरिक्त रूप से निभाएंगे।
विभाग की ओर से जारी कार्यालय आदेश के अनुसार यह व्यवस्था 3 जुलाई 2026 से तत्काल प्रभाव से लागू होगी। आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि इस प्रस्ताव को विभाग के अपर मुख्य सचिव की मंजूरी प्राप्त है।
विभाग की ओर से अधिसूचना जारी
सरकार ने इस आदेश की प्रति संबंधित अधिकारियों, स्वास्थ्य सेवाओं के निदेशक प्रमुख, राज्य औषधि नियंत्रण निदेशालय, सभी सिविल सर्जनों, खाद्य सुरक्षा अधिकारियों और अन्य संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दी है।
प्रशासनिक जानकारों का मानना है कि खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने और विभागीय कार्यों में बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।









