Ranchi: रांची में आयोजित होने वाले डूरंड कप फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। शनिवार को जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने मोरहाबादी फुटबॉल स्टेडियम का निरीक्षण कर आयोजन से जुड़ी तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए।
दर्शकों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए
निरीक्षण के दौरान स्टेडियम परिसर, दर्शक दीर्घा, प्रवेश और निकास द्वार, खिलाड़ियों और वीआईपी की आवाजाही, कंट्रोल रूम, पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि खिलाड़ियों, अधिकारियों और दर्शकों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उपायुक्त ने पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी, प्रवेश द्वारों पर सघन जांच और त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली लागू करने के निर्देश दिए। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
डूरंड कप की मेजबानी रांची के लिए गर्व की बात
यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने विस्तृत ट्रैफिक प्लान तैयार करने, पार्किंग स्थलों का सुव्यवस्थित निर्धारण, आवश्यक डायवर्जन और साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। वहीं स्वास्थ्य विभाग को मैच के दौरान एम्बुलेंस, डॉक्टरों की टीम, प्राथमिक उपचार केंद्र और जीवनरक्षक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।
उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि डूरंड कप देश का प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट है और इसकी मेजबानी रांची के लिए गर्व की बात है। उन्होंने सभी विभागों से टीम भावना के साथ काम करने की अपील करते हुए कहा कि आयोजन को सुरक्षित, सफल और यादगार बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








