Breaking News: सीरिया की राजधानी दमिश्क से बडी़ खबर निकलकर सामने आ रही है। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के दौरे के बीच उनके ठहरने की जगह के पास जोरदार धमाका हुआ है। स्थानीय मीडिया के अनुसार, लोगों ने एक के बाद एक कई धमाकों की आवाज सुनी। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में घटना स्थल के आसपास धुएं का गुबार भी दिखाई दिया।
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, कई सड़के बंद
धमाके के तुरंत बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी और आसपास की सभी सड़कों को बंद कर दिया। फिलहाल किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है। अधिकारी विस्फोट के कारणों की जांच कर रहे हैं और सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है।
बशर अल-असद के सत्ता से हटने के बाद पहला दौरा
यह दौरा इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि बशर अल-असद के सत्ता से हटने के बाद इमैनुएल मैक्रों दमिश्क पहुंचने वाले पहले बड़े यूरोपीय संघ (EU) के नेता हैं। सोमवार को दमिश्क एयरपोर्ट पर सीरिया के विदेश मंत्री असद अल-शैबानी ने उनका स्वागत किया था। इसके बाद मैक्रों ने राष्ट्रपति अहमद अल-शरा से मुलाकात की और ऐतिहासिक उमय्यद मस्जिद का भी दौरा किया।
मैक्रों की इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य सीरिया के पुनर्निर्माण, विदेशी निवेश, सुरक्षा सहयोग और आतंकवाद विरोधी रणनीति पर चर्चा करना है। साथ ही बुनियादी ढांचे, ऊर्जा और वित्तीय क्षेत्र में संभावित समझौतों पर भी बातचीत जारी है। ऐसे समय में हुआ यह धमाका सुरक्षा व्यवस्था और क्षेत्रीय स्थिरता को लेकर नए सवाल खड़े करता है।










