रांची: जमशेदपुर के चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड को लेकर सियासत लगातार गर्म होती जा रही है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस मामले की CBI से निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराने की मांग को लेकर सोमवार को राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात की और उन्हें विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के नेतृत्व में लोकभवन पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से आग्रह किया कि मामले में हस्तक्षेप कर CBI जांच की अनुशंसा की जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित हो।
भाजपा ने पुलिस जांच पर उठाए सवाल
ज्ञापन में भाजपा ने आरोप लगाया कि 27 जून 2026 को जमशेदपुर के आदित्यपुर क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी के बावजूद करणी सेना से जुड़े हिमांशु सिंह की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पार्टी का कहना है कि घटना के दौरान पुलिस मूकदर्शक बनी रही, जिससे राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
भाजपा ने यह भी दावा किया कि इस मामले में घायल प्रत्युष सिंह अब भी कोलकाता में इलाजरत हैं और जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं।
“जांच को भटकाने का प्रयास हो रहा”
भाजपा ने अपने ज्ञापन में आरोप लगाया कि पुलिस मामले की जांच को वास्तविक दिशा से हटाकर दूसरी ओर मोड़ने की कोशिश कर रही है। पार्टी का कहना है कि घटना के समय मौजूद पुलिसकर्मियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच नहीं की गई, जबकि उन्हें पहले जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए था।
भाजपा ने यह भी आरोप लगाया कि कारोबारी नीरज सिंह को बिना पर्याप्त आधार के इस मामले में फंसाया जा रहा है। ज्ञापन में कहा गया है कि घटना के समय वह अपने प्रतिष्ठान में मौजूद नहीं थे और उनके बार का संचालन वैध लाइसेंस के तहत किया जा रहा था।
पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग
भाजपा का कहना है कि वर्तमान जांच प्रक्रिया पर पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों का भरोसा नहीं है। पार्टी ने दावा किया कि आदित्यपुर बंद के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने सड़क पर उतरकर निष्पक्ष जांच की मांग की थी, जिससे जनाक्रोश स्पष्ट दिखाई देता है।
भाजपा ने राज्यपाल से आग्रह किया कि पूरे मामले की CBI से उच्चस्तरीय जांच कराई जाए ताकि हत्या की साजिश, पुलिस की भूमिका और किसी भी स्तर पर हुई लापरवाही की निष्पक्ष जांच हो सके।
राज्यपाल से मिले ये नेता
राज्यपाल को ज्ञापन सौंपने पहुंचे भाजपा प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के अलावा नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही, प्रदेश मंत्री शैलेंद्र सिंह, प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह, जिला अध्यक्ष संजीव सिन्हा, दिवंगत हिमांशु सिंह के पिता अरविंद सिंह तथा शंभुनाथ सिंह सहित अन्य नेता मौजूद थे।
Tags: हिमांशु सिंह हत्याकांड, CBI जांच, BJP Jharkhand, आदित्य साहू, बाबूलाल मरांडी, राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, जमशेदपुर, आदित्यपुर, झारखंड राजनीति, कानून व्यवस्था, Jharkhand News, Ranchi News

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









