Jharkhand: झारखंड सरकार ने राज्य के पारा शिक्षकों (सहायक अध्यापकों) को बड़ी राहत देते हुए 7304 आरक्षित पदों पर सरकारी शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया शुरू कर दी है। कार्मिक विभाग ने मंगलवार को झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) को भर्ती के लिए अधियाचना भेज दी है। उम्मीद जताई जा रही है कि आयोग इसी महीने के अंत तक आवेदन प्रक्रिया शुरू करेगा, जबकि सितंबर 2026 तक परीक्षा और परिणाम जारी किए जा सकते हैं।
यह भर्ती प्रक्रिया सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के अनुपालन में शुरू की गई है। अदालत ने राज्य सरकार को निर्देश दिया था कि सहायक शिक्षकों और सहायक आचार्यों के रिक्त पदों में से 50 प्रतिशत पद केवल पारा शिक्षकों के लिए आरक्षित किए जाएं और निर्धारित समय सीमा के भीतर अधिसूचना जारी की जाए।
ये भी पढ़ें: JPSC ने बदली मुख्य परीक्षा की तारीख, जानें कब होगी मेन्स परीक्षा
केवल JTET उत्तीर्ण पारा शिक्षक ही कर सकेंगे आवेदन
इस भर्ती में केवल वही पारा शिक्षक आवेदन कर सकेंगे जिन्होंने झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) उत्तीर्ण की है। कक्षा 1 से 5 और कक्षा 6 से 8 के लिए अलग-अलग प्रतियोगी परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।
Jharkhand Teacher Recruitment 2026: 7304 पदों का वर्गवार विवरण
भर्ती के तहत कुल 7304 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इनमें 1198 बैकलॉग पद भी शामिल हैं।
- कक्षा 1 से 5 (सीधी नियुक्ति): 1909 पद
- कक्षा 1 से 5 (बैकलॉग): 847 पद
- कक्षा 6 से 8 (सीधी नियुक्ति): 4197 पद
- कक्षा 6 से 8 (बैकलॉग): 351 पद
कक्षा 6 से 8 के लिए गणित एवं विज्ञान, भाषा तथा सामाजिक विज्ञान विषयों में स्नातक प्रशिक्षित शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी।
राज्य में पहले से चल रही है 26 हजार सहायक आचार्य पदों की भर्ती
झारखंड में सहायक आचार्य के 26 हजार पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया पहले से जारी है, जिनमें 13 हजार पद पारा शिक्षकों के लिए आरक्षित हैं। वर्तमान भर्ती प्रक्रिया के दौरान अब तक लगभग 13 हजार पारा शिक्षक सरकारी शिक्षक बन चुके हैं। इनमें करीब 7 हजार अभ्यर्थियों का चयन मौजूदा नियुक्ति प्रक्रिया के तहत हुआ है, जबकि कुछ अभ्यर्थियों का चयन गैर-पारा शिक्षक श्रेणी के पदों पर भी हुआ है।
पारा शिक्षकों के लिए बड़ी राहत
राज्य सरकार के इस फैसले से लंबे समय से नियमित नियुक्ति की मांग कर रहे हजारों पारा शिक्षकों को राहत मिलने की उम्मीद है। अब सभी की नजर JSSC द्वारा जारी किए जाने वाले आधिकारिक भर्ती विज्ञापन और आवेदन तिथियों पर टिकी है।
ये भी पढ़ें: July 2026: July में बैंक जाने से पहले देखें छुट्टियों की पूरी लिस्ट, 12 दिन रहेगा अवकाश
कंटेंट राइटर एवं रिपोर्टर, खबर मन्त्र। झारखंड के स्थानीय समाचार, महिला विकास, कला और लाइफस्टाइल खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।









