Pakur: झारखंड के पाकुड़ जिले के अमड़ापाड़ा प्रखंड स्थित जेटके टोला गांव में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। घर में अकेली सो रही 30 वर्षीय महिला की अज्ञात अपराधियों ने सिर कूचकर हत्या कर दी। बुधवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
घर में घुसकर वारदात को दिया अंजाम
मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान मरांगमई हांसदा (30 वर्ष) के रूप में हुई है। मंगलवार देर रात वह अपने घर में अकेली सो रही थी, जबकि परिवार के अन्य सदस्य किसी रिश्तेदार के यहां गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात बदमाश घर में घुस आए और उसके सिर पर किसी भारी वस्तु से हमला कर हत्या कर दी।
सुबह कमरे में मिला शव
बुधवार सुबह जब काफी देर तक मरांगमई अपने कमरे से बाहर नहीं निकली तो परिजनों को शक हुआ। कमरे में जाकर देखा तो वह खाट पर लहूलुहान अवस्था में मृत पड़ी थी। उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए और तत्काल अमड़ापाड़ा थाना पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही अमड़ापाड़ा थाना प्रभारी अनूप रोशन भेंगरा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की तथा मृतका के परिवार का बयान दर्ज किया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया।
हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी पुलिस
थाना प्रभारी अनूप रोशन भेंगरा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में महिला की मौत सिर पर गंभीर वार किए जाने से हुई प्रतीत हो रही है। हालांकि, मौत के सही कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। उन्होंने कहा कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि हत्या किसने और किस वजह से की। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के सामने कई सवाल
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अपराधी घर तक कैसे पहुंचे, हत्या के पीछे निजी रंजिश, लूट या कोई अन्य कारण था। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ-साथ अन्य तकनीकी साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।फिलहाल पुलिस ने जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









