रांची: देशभर में लगातार सामने आ रहे Paper Leak मामलों और प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता को लेकर रविवार को राजधानी रांची में हजारों छात्र-छात्राएं सड़कों पर उतरे। मोरहाबादी मैदान स्थित बापू वाटिका से ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत आयोजित मैराथन में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया और परीक्षा प्रणाली में सुधार तथा पेपर लीक पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।
मैराथन के दौरान प्रतिभागियों ने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया और युवाओं के अधिकारों के समर्थन में नारे लगाए। कार्यक्रम शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
कन्हैया कुमार बोले- पेपर लीक ने लाखों छात्रों के सपने तोड़े
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए NSUI के राष्ट्रीय प्रभारी कन्हैया कुमार ने कहा कि देश का युवा अपने भविष्य को लेकर चिंतित है। उनका आरोप था कि बार-बार होने वाले पेपर लीक से लाखों मेहनती छात्रों के सपने टूट रहे हैं।
उन्होंने कहा कि छात्रों के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ देशभर में जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है और ‘छात्रों की गूंज’ उसी अभियान का हिस्सा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और छात्रों को न्याय दिलाने की लड़ाई जारी रहेगी।
युवा कांग्रेस अध्यक्ष ने उठाए निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली के सवाल
अखिल भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदयभान चीब ने कहा कि देश का युवा केवल रोजगार नहीं, बल्कि ईमानदार और निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली भी चाहता है। उन्होंने कहा कि सरकार की जिम्मेदारी है कि छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ न होने दे। साथ ही युवाओं से लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाने की अपील की।
‘यह सिर्फ मैराथन नहीं, छात्रों के अधिकारों की लड़ाई’
अभियान के संयोजक कुमार राजा ने कहा कि यह आयोजन केवल एक मैराथन नहीं, बल्कि छात्रों के अधिकार, सम्मान और सुरक्षित भविष्य के लिए जनआंदोलन का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जब तक पेपर लीक की घटनाओं पर पूरी तरह रोक नहीं लगती और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं होती, तब तक यह अभियान जारी रहेगा।
भूपेंद्र मराबी ने परीक्षा प्रणाली में सुधार की मांग की
अखिल भारतीय कांग्रेस के सचिव एवं झारखंड के सह प्रभारी भूपेंद्र मराबी ने कहा कि युवाओं की प्रतिभा देश की सबसे बड़ी पूंजी है। यदि प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता पर लगातार सवाल उठते रहे तो यह देश के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती होगी। उन्होंने केंद्र सरकार से पेपर लीक रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था, दोषियों पर त्वरित कार्रवाई और परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार की मांग की।
कई कांग्रेस नेता और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में सांसद सुखदेव भगत, झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, कांग्रेस विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय, प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा समेत कई कांग्रेस नेता और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। सभी ने छात्रों की मांगों का समर्थन करते हुए परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
छात्रों ने लिया सामूहिक संकल्प
मैराथन के समापन पर छात्रों ने शिक्षा व्यवस्था को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने, पेपर लीक पर रोक लगाने और युवाओं के भविष्य की सुरक्षा के लिए सामूहिक संकल्प लिया।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









