Koderma: कोडरमा जिले में सोमवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। सदर थाना क्षेत्र के रांची-पटना मुख्य मार्ग स्थित कोडरमा घाटी के बंदरचुआं के पास कुरकुरे से लदे एक मालवाहक वाहन को पीछे से पत्थर लदे हाईवा ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि मालवाहक वाहन सड़क के एक किनारे से दूसरे किनारे तक जा पहुंचा।
रामगढ़ से कुरकुरे लेकर बिहार जा रहे थे वाहन
जानकारी के अनुसार चालक राजेश कुमार रामगढ़ से कुरकुरे लेकर बिहार जा रहे थे। जैसे ही उनका वाहन घाटी के तीखे मोड़ पर पहुंचा, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार हाईवा ने टक्कर मार दी। राहत की बात यह रही कि वाहन गहरी खाई में नहीं गिरा, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। दुर्घटना में चालक को मामूली चोटें आईं, जबकि हाईवा चालक भी सुरक्षित बच गया।
क्रेन की मदद से दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को बाहर निकाला गया
घटना की सूचना मिलते ही कोडरमा थाना पुलिस और सड़क सुरक्षा टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों चालकों का हालचाल लिया और क्रेन की मदद से दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को घाटी से सुरक्षित बाहर निकालने का अभियान शुरू किया। इस घटना के बाद एक बार फिर कोडरमा घाटी में सुरक्षित और सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की जरूरत पर सवाल उठने लगे हैं।









