रांची: Jharkhand की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ियों को हरा-भरा झारखंड देना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि हर नागरिक यदि एक पौधा लगाए और उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो राज्य को हरित और पर्यावरणीय रूप से समृद्ध बनाया जा सकता है।
बुधवार को रांची स्थित अपने आवासीय कार्यालय में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने PASWA (Public Schools and Children Welfare Association) के ‘One Student One Tree’ अभियान के तहत पौधारोपण कर देशभर में 50 लाख पौधे लगाने के लक्ष्य वाले महाअभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर युवाओं को नशे की लत से बचाने के उद्देश्य से ड्रग्स विरोधी जन-जागरूकता अभियान के पोस्टर का भी लोकार्पण किया गया।
कोरोना काल ने सिखाया पर्यावरण का महत्व
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि कोरोना महामारी ने सभी को स्वच्छ पर्यावरण और हरियाली की अहमियत का वास्तविक एहसास कराया। उन्होंने बताया कि उनके विधानसभा क्षेत्र महागामा में अब तक डेढ़ लाख से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं। वहीं, झारखंड की स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने 2 करोड़ 75 लाख से अधिक पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सराहनीय योगदान दिया है।
उन्होंने कहा कि पेड़ को बढ़ते हुए देखना अपने बच्चों को बढ़ते हुए देखने जैसा सुखद अनुभव होता है। इसलिए केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उनका संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है।
हर छात्र लगाए एक पौधा, हर परिवार करे संरक्षण का संकल्प
दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि ‘One Student One Tree’ अभियान विद्यार्थियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने की एक प्रभावी पहल है। उन्होंने सभी छात्रों से कम से कम एक पौधा लगाने और प्रत्येक परिवार से उसकी देखभाल का संकल्प लेने की अपील की।
उन्होंने कहा कि यदि यह अभियान गांव-गांव तक पहुंचेगा, तो झारखंड में हरियाली बढ़ेगी और आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सकेगा।
PASWA के प्रयासों की सराहना
मंत्री ने PASWA द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों और युवाओं को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। साथ ही उन्होंने ड्रग्स विरोधी जागरूकता अभियान को भी समाज के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया और युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवन अपनाने की अपील की।
कार्यक्रम में डीएवी नंदराज के प्राचार्य आर.पी. तिवारी, डीएवी बरियातू के प्राचार्य एस.के. मिश्रा, गुरुनानक पब्लिक स्कूल की प्राचार्या गुरमीत कौर, PASWA के राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार दूबे, लाल किशोर नाथ सहदेव, शांतनु मिश्रा सहित संगठन के पदाधिकारी, स्वयंसेवक और कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









