रांची-गुमला NH-43: रांची जिले के इटकी थाना क्षेत्र में रांची-गुमला मुख्य मार्ग (NH-43) पर शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पलमा पेट्रोल पंप के समीप तेज रफ्तार बोलेरो और सवारी ऑटो की पीछे से हुई टक्कर में 13 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और दोनों वाहन सड़क किनारे पलट गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे रांची से बेड़ो की ओर जा रही बोलेरो (JH01DK-8067) ने आगे चल रहे सवारी ऑटो (JH01GR-6395) को तेज रफ्तार में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गए और उनके चारों पहिए ऊपर हो गए। कई यात्री वाहनों के भीतर ही फंस गए, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय स्तर पर राहत एवं बचाव अभियान चलाते हुए वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को बेड़ो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
तीन घायलों को रिम्स रांची किया गया रेफर
सूचना मिलते ही इटकी थाना के एएसआई किरण बरला, बेड़ो पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने राहत कार्य में सहयोग करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
बेड़ो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद तीन घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर कर दिया गया।
हादसे में घायल लोगों की पहचान
सड़क हादसे में घायल हुए लोगों में शामिल हैं-
बोलेरो सवार
- संदीप उरांव (32), निवासी चितरकोटा छोटका टोली, रातु
- मंगरा उरांव (35), निवासी रातु
ऑटो सवार
- सगीया तिर्की (27) एवं उनका दो वर्षीय पुत्र सुजित उरांव, निवासी गढ़गांव
- सुनीता उरांव (28), उनकी बेटियां काजल उरांव (5) और सुशीना उरांव (3), निवासी नारी, बेड़ो
- किरण देवी (40) और शिला कुमारी (16), निवासी चलहा मोड़, लापुंग
- अजय सिंह (24), निवासी महाराष्ट्र
- सुमती देवी (38), निवासी महुआगांव
- जगरनाथ महतो (65), निवासी फादीलमर्चा, बेड़ो
- डॉ. रिजवाना
पुलिस ने शुरू की जांच
इटकी पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो और ऑटो को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारण कुछ समय तक रांची-गुमला मुख्य मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने बाद में सामान्य करा दिया। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार को हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है।







