रांची: एशिया के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट Durand Cup 2026 के सफल आयोजन को लेकर रांची नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने अधिकारियों के साथ मोराबादी स्थित भगवान बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम और उसके आसपास के क्षेत्रों का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सफाई, पार्किंग, स्ट्रीट लाइट, पेयजल, हरियाली और अन्य नागरिक सुविधाओं की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को समय पर तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने कहा कि Durand Cup जैसा अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट रांची और पूरे झारखंड के लिए गौरव का विषय है। ऐसे आयोजन में खिलाड़ियों, टीमों, अधिकारियों और हजारों दर्शकों को बेहतर अनुभव मिले, इसके लिए नगर निगम किसी भी तरह की कमी नहीं छोड़ेगा।
सफाई व्यवस्था रहेगी सर्वोच्च प्राथमिकता
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि टूर्नामेंट के दौरान स्टेडियम परिसर और उसके आसपास डे-एंड-नाइट सफाई व्यवस्था लागू की जाए। उन्होंने कहा कि कहीं भी कचरे का ढेर दिखाई नहीं देना चाहिए और पूरे क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में डस्टबिन लगाए जाएं, ताकि खिलाड़ियों और दर्शकों को स्वच्छ वातावरण मिल सके।
पेड़ों की छंटाई और हरियाली बढ़ाने पर जोर
नगर निगम के हॉर्टिकल्चर विभाग को मोराबादी क्षेत्र और स्टेडियम के आसपास पेड़ों की आवश्यक छंटाई जल्द पूरी करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही खाली स्थानों पर पौधारोपण कर क्षेत्र की हरियाली बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
पार्किंग और ट्रैफिक व्यवस्था होगी व्यवस्थित
Durand Cup के दौरान बड़ी संख्या में दर्शकों के आने की संभावना को देखते हुए नगर आयुक्त ने अधिकारियों को पार्किंग स्थलों का चिन्हांकन करने और यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
स्ट्रीट लाइट और अतिरिक्त रोशनी की होगी व्यवस्था
निरीक्षण के दौरान विद्युत शाखा को निर्देश दिया गया कि मोराबादी क्षेत्र की सभी खराब स्ट्रीट लाइटों को तत्काल ठीक किया जाए। इसके अलावा स्टेडियम और आसपास अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि खिलाड़ियों और दर्शकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
“रांची की मेजबानी पूरे राज्य की पहचान बने”
नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने कहा कि यह आयोजन रांची के लिए अपनी बेहतर व्यवस्थाओं और उत्कृष्ट मेजबानी को देश के सामने प्रस्तुत करने का सुनहरा अवसर है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय सीमा के भीतर तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि खिलाड़ियों, टीमों, अतिथियों और दर्शकों को सुरक्षित, स्वच्छ और सुव्यवस्थित माहौल मिल सके।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









