Koderma: पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा में हुए विस्फोट मामले की जांच अब झारखंड के कोडरमा तक पहुंच गई है। एनआईए ने गुरुवार तड़के कोडरमा, डोमचांच और नवलशाही क्षेत्र में छापेमारी कर विस्फोटक कारोबारी बतडीहा निवासी शंकर यादव और डोमचांच के नावाडीह निवासी महेश मेहता को गिरफ्तार किया है।
कार्रवाई के दौरान NIA ने 16.07 लाख रुपये नकद और 22 जमीनों से जुड़े दस्तावेज जब्त किए हैं। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए कोलकाता ले जाया गया।
बांकुड़ा जिले में हुए मोटरसाइकिल विस्फोट से जुड़ा है मामला
यह मामला पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले में हुए मोटरसाइकिल विस्फोट से जुड़ा है। जानकारी के अनुसार, 8 अक्टूबर 2024 को धनबाद से बाइक पर विस्फोटक लेकर जा रहे जयदेव मंडल की विस्फोट में मौत हो गई थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया था कि विस्फोटक वैध दस्तावेजों के आधार पर धनबाद भेजा गया था, लेकिन उसका कुछ हिस्सा कथित तौर पर अवैध तरीके से बांकुड़ा ले जाया जा रहा था। बाद में मामले की जांच NIA को सौंप दी गई।
जांच के दौरान महेश मेहता और शंकर यादव की भूमिका सामने आने के बाद एजेंसी ने दोनों की तलाश शुरू की। बताया जाता है कि NIA की कार्रवाई की भनक लगने के बाद दोनों कई महीनों तक पश्चिम बंगाल के आसनसोल में रहे। हाल में कोडरमा लौटने के बाद एजेंसी ने छापेमारी कर उन्हें गिरफ्तार किया।
Read More- NEET विवाद के बीच शिक्षा विभाग में बड़ा बदलाव, विनीत जोशी का तबादला
विस्फोटक कारोबार से जुड़ा रहा है आरोपी का परिवार
जांच में यह भी सामने आया है कि महेश मेहता का परिवार पहले से विस्फोटक कारोबार से जुड़ा रहा है। उसके पिता स्वर्गीय बंशी मेहता का मरकच्चो के दसारो में मैगजीन था। पिता का मैगजीन बंद होने के बाद भी महेश विस्फोटक कारोबार से जुड़ा रहा।
Read More- Breaking News: पेपर लीक संशोधन बिल को मिली कैबिनेट की मंजूरी, 27 जुलाई को संसद में हो सकता है पेश
वहीं, शंकर यादव ने जय मां दुर्गा इंटरप्राइजेज मैगजीन करीब तीन वर्ष पहले अपने नाम कराया था। इससे पहले उसके अवैध उत्खनन और जमीन कारोबार से जुड़े होने की जानकारी भी सामने आई है।NIA अब विस्फोटकों के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क और मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
Read More- कोडरमा में राशन डीलर पर KYC के नाम पर 50 रुपए मांगने का आरोप
4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.