Koderma: कोडरमा जिले के डोमचांच प्रखंड के मधुबन गांव में खुखड़ी खाने के बाद एक ही परिवार के छह सदस्यों की तबीयत बिगड़ गई। बीमार लोगों में चार बच्चे और दो महिलाएं शामिल हैं। सभी को पेट में तेज दर्द और लगातार उल्टियां होने के बाद इलाज के लिए सदर अस्पताल कोडरमा पहुंचाया गया। फिलहाल अस्पताल में भर्ती मरीजों की हालत सामान्य बताई जा रही है।
पेट में दर्द शुरू हुआ और फिर उल्टियां होने लगीं
परिजनों के मुताबिक, बुधवार शाम परिवार के सदस्यों ने स्थानीय बाजार से खरीदी गई खुखड़ी खाई थी। इसके कुछ देर बाद पहले पेट में दर्द शुरू हुआ और फिर उल्टियां होने लगीं। परिवार की बुजुर्ग सदस्य शकुंतला देवी ने बताया कि बीमार लोगों को 20 से अधिक बार उल्टियां हुईं। इसके बाद सभी को अस्पताल ले जाया गया।
सदर अस्पताल में चिकित्सक डॉ. नीरज शाहा ने मरीजों की प्रारंभिक जांच कर आवश्यक दवाएं दीं। डॉक्टर के अनुसार, यह फूड पॉइजनिंग का मामला है और खुखड़ी खाने के कारण तबीयत बिगड़ने की बात सामने आई है।
400 रुपये प्रति किलो की दर से खरीदी थी खुखड़ी
बीमार लोगों में नैतिक कुमार, सूरज कुमार, उज्जवल कुमार, मौसम कुमारी, मुन्नी देवी और संगीता देवी शामिल हैं। मुन्नी देवी का इलाज घर पर किया गया, जबकि बाकी मरीजों का सदर अस्पताल में उपचार चल रहा है।
परिजन निर्मल यादव ने बताया कि खुखड़ी स्थानीय बाजार से 400 रुपये प्रति किलो की दर से खरीदी गई थी। खाने के बाद एक साथ कई लोगों की तबीयत बिगड़ने से परिवार में अफरा-तफरी मच गई। अस्पताल में भर्ती बच्चों और महिलाओं की चिकित्सकीय निगरानी में जांच और उपचार जारी है।
4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.