शिबू सोरेन की पुण्यतिथि पर कांग्रेस ने दी श्रद्धांजलि, केशव महतो बोले- गुरुजी के संघर्ष से मिलता है प्रेरणा
झारखंड कांग्रेस कार्यालय में दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने गुरुजी के संघर्ष, त्याग और झारखंड आंदोलन में उनके योगदान को याद किया।
रांची: दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की पुण्यतिथि पर मंगलवार को पूरे झारखंड में उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया गया। इसी क्रम में झारखंड कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जहां पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गुरुजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम के दौरान दो मिनट का मौन रखकर उनके संघर्ष, त्याग और झारखंड निर्माण में दिए गए ऐतिहासिक योगदान को स्मरण किया गया।
श्रद्धांजलि सभा में झारखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने कहा कि शिबू सोरेन का जीवन संघर्ष, सादगी और जनसेवा का प्रतीक था तथा उन्होंने अपना पूरा जीवन झारखंड और यहां के लोगों के अधिकारों की लड़ाई के लिए समर्पित कर दिया।
प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने अपने संबोधन में कहा कि शिबू सोरेन के निधन से झारखंड ने एक ऐसे जननेता को खो दिया, जिसने बचपन से ही संघर्ष का रास्ता चुना। उन्होंने कहा कि गुरुजी के पिता की महाजनी प्रथा के खिलाफ लड़ाई के दौरान हत्या कर दी गई थी, लेकिन इस कठिन परिस्थिति के बावजूद उन्होंने कभी हार नहीं मानी। उन्होंने महाजनी और सूदखोरी जैसी शोषणकारी व्यवस्थाओं के खिलाफ आवाज उठाई और दलितों, आदिवासियों, पिछड़े वर्गों, शोषितों तथा वंचित समाज के अधिकारों के लिए जीवनभर संघर्ष किया।
उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन हमेशा सादगी, स्वाभिमान और जनहित की राजनीति के पक्षधर रहे। उनके लिए सत्ता से अधिक झारखंड की अस्मिता, जल-जंगल-जमीन की रक्षा और आम लोगों का हित सर्वोपरि था। झारखंड राज्य के गठन के पीछे उनके लंबे संघर्ष और आंदोलन की अहम भूमिका रही, जिसे राज्य कभी भुला नहीं सकता।
केशव महतो कमलेश ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में महागठबंधन सरकार गुरुजी के सपनों का झारखंड बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने सभी लोगों से आह्वान किया कि वे शिबू सोरेन के संघर्ष, त्याग, सादगी और विचारों से प्रेरणा लेकर राज्य के विकास, सामाजिक न्याय और झारखंड की अस्मिता की रक्षा के लिए एकजुट होकर आगे बढ़ें।
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
झारखंड मुख्य समाचार एवं विश्लेषण
Special Coverage
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
खबर मन्त्र एक्सक्लूसिव पड़ताल एवं विश्लेषण
Exclusive
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis