Ranchi: केंद्रीय विश्वविद्यालय झारखंड (CUJ) के सुदुर पूर्व भाषा विभाग (कोरियन) भाषा विभाग के विद्यार्थियों ने पढ़ाई के साथ-साथ रोजगार और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में अच्छी सफलता हासिल की है। वर्ष 2022-27 बैच के बी.ए. (ऑनर्स विद रिसर्च) कोरियन भाषा के विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत और भाषा की अच्छी समझ के दम पर देश और विदेश में आगे बढ़ने के अवसर हासिल किए हैं।
कोरियन भाषा के सहायक प्राध्यापक डॉ. शशि कुमार मिश्रा ने बताया कि इस बैच की स्वाति कुमार को हंगरी के University of Pannonia में Applied Linguistics में मास्टर डिग्री की पढ़ाई के लिए छात्रवृत्ति मिली है। यह उनके लिए विदेश में उच्च शिक्षा प्राप्त करने का महत्वपूर्ण अवसर है।
9 लाख रुपये से अधिक के वार्षिक वेतन पैकेज पर नौकरी
इसी बैच की श्रुति का चयन JUYEONG MEP SOLUTIONS INDIA PRIVATE LIMITED, सृष्टि का चयन MSN POWER SALES LTD तथा सुश्री रचना का चयन PUNGSAN SYSTEM INDO में हुआ है। इन विद्यार्थियों का चयन ऑफ-कैंपस प्लेसमेंट के माध्यम से हुआ है। उन्हें 9 लाख रुपये से अधिक के वार्षिक वेतन पैकेज पर नौकरी का अवसर मिला है। विद्यार्थियों की यह सफलता इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि उन्होंने कोरियन भाषा की पढ़ाई के साथ अपने विषय से जुड़े अन्य कौशल भी विकसित किए हैं। आज विदेशी भाषाओं की जानकारी रखने वाले युवाओं के लिए विभिन्न बहुराष्ट्रीय कंपनियों में रोजगार के नए अवसर उपलब्ध हो रहे हैं। कोरियन भाषा की जानकारी विशेष रूप से कोरिया से जुड़ी कंपनियों, व्यापारिक संस्थानों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों में उपयोगी साबित हो सकती है। चार वर्षीय बी.ए. (ऑनर्स विद रिसर्च) कोरियन भाषा कार्यक्रम विद्यार्थियों को भाषा सीखने के साथ-साथ शोध और उच्च शिक्षा के लिए भी तैयार करता है। इस पाठ्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थी कोरियन भाषा, संस्कृति और उससे जुड़े विभिन्न क्षेत्रों की जानकारी प्राप्त करते हैं। इससे उन्हें आगे की पढ़ाई और नौकरी के लिए बेहतर तैयारी करने में मदद मिलती है।रोजगार और करियर के नए रास्ते खोलने का माध्यम है विदेशी भाषा
डॉ. शशि कुमार मिश्रा ने कहा कि सीयूजे का कोरियन भाषा कार्यक्रम लगातार विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रहा है। विद्यार्थियों का बहुराष्ट्रीय कंपनियों में चयन और विदेश में उच्च शिक्षा के लिए छात्रवृत्ति प्राप्त करना इस दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि इन विद्यार्थियों की सफलता से यह भी स्पष्ट होता है कि आज के समय में विदेशी भाषा सीखना केवल भाषा का ज्ञान प्राप्त करना नहीं है, बल्कि यह रोजगार और करियर के नए रास्ते खोलने का माध्यम भी बन सकता है। सीयूजे के कोरियन भाषा विभाग के विद्यार्थियों की ये उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक हैं। इससे यह संदेश मिलता है कि यदि विद्यार्थी किसी विदेशी भाषा में अच्छी पकड़ बनाने के साथ मेहनत और लगन से अपनी पढ़ाई पूरी करें, तो उन्हें देश में ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी उच्च शिक्षा और बेहतर रोजगार के अवसर मिल सकते हैं।
यह भी पढ़ें
संबंधित ताज़ा ख़बरें
झारखंड मुख्य समाचार एवं विशेष रिपोर्ट
Special Report
खबर मन्त्र एक्सक्लूसिव पड़ताल एवं विश्लेषण
Exclusive
ताजा प्रादेशिक एवं राष्ट्रीय अपडेट्स
Top Video












