Koderma में चोरों का आतंक, तीन घरों में लाखों के जेवर और नकदी चोरी
Koderma News: कोडरमा के दूधिमाटी में चोरों ने तीन घरों को निशाना बनाया। लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी की सूचना है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Koderma:कोडरमा थाना क्षेत्र के दूधिमाटी इलाके में सोमवार की रात चोरों ने तीन घरों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने दो बंद घरों समेत तीन मकानों में घुसकर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलने पर कोडरमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
लाखों के जेवर और नकदी गायब
मिली जानकारी के अनुसार, चोरों ने नंद किशोर यादव और उपेंद्र सिंह के बंद घरों के अलावा राम प्रताप सिंह के घर में भी चोरी की। नंद किशोर यादव ने बताया कि सोमवार की रात चोर घर का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद कमरे में रखे गोदरेज को तोड़कर उसमें रखे करीब 10 से 15 लाख रुपये के जेवरात चोरी कर लिए। इसके अलावा घर से 10 से 20 हजार रुपये नकद चोरी होने की भी जानकारी दी गई है।
वहीं, राम प्रताप सिंह के घर से करीब 5 हजार रुपये नकद चोरी होने की बात सामने आई है। उपेंद्र सिंह के बंद मकान में भी चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। बताया गया कि इस घर के सभी सदस्य दिल्ली में रहते हैं। पुलिस उनसे संपर्क करने का प्रयास कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची कोडरमा थाना पुलिस, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलने के बाद कोडरमा थाना प्रभारी अरविंद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।
फिलहाल किसी भी गृहस्वामी की ओर से थाना में लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। पुलिस के अनुसार, आवेदन मिलने के बाद चोरी गई संपत्ति का वास्तविक आकलन किया जा सकेगा। पुलिस आसपास के इलाके में भी जांच कर रही है और चोरों का पता लगाने का प्रयास जारी है।
ये भी पढ़ें: Share Market Today: शेयर बाजार लाल निशान में, सेंसेक्स-निफ्टी फिसले; IPO भी खुला