Ranchi: गोड्डा के राजकीय होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के छात्र-छात्राओं के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के मार्गदर्शन एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के लगातार प्रयासों के बाद राष्ट्रीय होम्योपैथी आयोग (National Commission for Homoeopathy-NCH) ने कॉलेज से संबंधित मामले में अपील पर विचार करते हुए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए 63 सीटों पर BHMS पाठ्यक्रम जारी रखने के मामले में महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।
राष्ट्रीय होम्योपैथी आयोग द्वारा 28 अगस्त 2026 को जारी आदेश में कॉलेज के BHMS पाठ्यक्रम के 63 सीटों वाले intake का उल्लेख किया गया है। आयोग के मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड (MARBH) द्वारा कॉलेज में उपलब्ध शिक्षण स्टाफ, आधारभूत संरचना एवं अन्य निर्धारित मानकों का परीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को दूर करने के लिए राज्य सरकार की ओर से उठाए जा रहे कदमों की जानकारी भी आयोग के समक्ष प्रस्तुत की गई।
दिल्ली जाकर विद्यार्थियों के भविष्य के लिए लगातार प्रयास करते रहे स्वास्थ्य मंत्री
गोड्डा होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो और उनका भविष्य सुरक्षित रहे, इसके लिए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने पूरे मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने कई बार दिल्ली जाकर राष्ट्रीय होम्योपैथी आयोग के अधिकारियों से मुलाकात की और कॉलेज से संबंधित मामले को मजबूती के साथ उठाया।
स्वास्थ्य मंत्री ने स्पष्ट किया कि झारखंड के विद्यार्थियों की पढ़ाई किसी भी परिस्थिति में बाधित नहीं होने दी जाएगी। सरकार कॉलेज में मौजूद कमियों को दूर करने और संस्थान को निर्धारित राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
राज्य सरकार की ओर से आयोग को कॉलेज की कमियों को दूर करने तथा शैक्षणिक एवं आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने का आश्वासन दिया गया है। इसी दिशा में शिक्षकों की नियुक्ति की प्रक्रिया भी शुरू की गई है तथा विभिन्न विषयों में शिक्षकों के योगदान से संबंधित जानकारी आयोग के समक्ष प्रस्तुत की गई है।
53 पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू
आयोग के समक्ष प्रस्तुत जानकारी के अनुसार, कॉलेज में शिक्षण स्टाफ से संबंधित कमियों को दूर करने के लिए 53 पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की गई है। इससे स्पष्ट है कि राज्य सरकार कॉलेज में आवश्यक मानव संसाधन उपलब्ध कराने के साथ-साथ शैक्षणिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में ठोस कदम उठा रही है।
सरकार का उद्देश्य केवल वर्तमान स्थिति को संभालना नहीं, बल्कि गोड्डा होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज को बेहतर आधारभूत संरचना, पर्याप्त शिक्षण स्टाफ और मजबूत शैक्षणिक व्यवस्था के साथ एक गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा संस्थान के रूप में विकसित करना है।
बच्चों की पढ़ाई किसी भी परिस्थिति में बाधित नहीं होने देंगे-डॉ. इरफान अंसारी
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा-मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी के मार्गदर्शन में शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करना हमारी सरकार की प्राथमिकता है। गोड्डा होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज हमारे बच्चों के भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण संस्थान है। मैंने दिल्ली जाकर कई बार राष्ट्रीय होम्योपैथी आयोग के अधिकारियों से मुलाकात की और विद्यार्थियों के हित में पूरे मामले को मजबूती से रखा। हमारा स्पष्ट प्रयास है कि किसी भी परिस्थिति में बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो।
उन्होंने कहा कि कॉलेज में जो भी कमियां हैं, उन्हें निर्धारित मानकों के अनुरूप दूर किया जाएगा। शिक्षकों की नियुक्ति, आधारभूत संरचना के विकास और शैक्षणिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सरकार आवश्यक कदम उठा रही है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि उनका लक्ष्य केवल अनुमति प्राप्त करना नहीं, बल्कि गोड्डा को एक मजबूत, गुणवत्तापूर्ण और बेहतर चिकित्सा शिक्षा केंद्र के रूप में विकसित करना है।
विद्यार्थियों और अभिभावकों में खुशी
राष्ट्रीय होम्योपैथी आयोग के निर्णय के बाद गोड्डा होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राओं और अभिभावकों में खुशी का माहौल है। विद्यार्थियों ने स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के प्रयासों के प्रति आभार व्यक्त किया।
विद्यार्थियों ने कहा कि मंत्री ने उनके भविष्य की चिंता करते हुए मामले को गंभीरता से लिया और दिल्ली तक जाकर संबंधित अधिकारियों के समक्ष उनकी बात रखी। विद्यार्थियों ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री का यह प्रयास उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण है और इसके लिए वे उनका दिल से आभार व्यक्त करते हैं।
गोड्डा की जनता, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने भी स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को इस पहल के लिए बधाई दी है। लोगों का कहना है कि चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में संस्थानों को मजबूत करने के ऐसे प्रयास झारखंड की आने वाली पीढ़ी के लिए महत्वपूर्ण साबित होंगे।
स्वास्थ्य मंत्री का संकल्प
“बच्चों की पढ़ाई नहीं रुकेगी। चिकित्सा शिक्षा मजबूत होगी। झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ मेडिकल एजुकेशन को भी नई ऊंचाई दी जाएगी।”
राज्य सरकार गोड्डा होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज की शैक्षणिक एवं आधारभूत व्यवस्था को और मजबूत करने तथा विद्यार्थियों को बेहतर चिकित्सा शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








