Dhanbad: धनबाद में झारखंड पुलिस एसोसिएशन, झारखंड सशस्त्र पुलिस-3, गोविंदपुर शाखा ने डुमरी विधायक जयराम महतो पर बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार के साथ कथित तौर पर अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करने और धमकी देने का आरोप लगाया है। एसोसिएशन ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर विधायक के कथित व्यवहार की कड़ी निंदा की है।
सरकार बदलने के बाद कार्रवाई की धमकी
एसोसिएशन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 21 अगस्त 2026 की रात विधायक जयराम कुमार महतो ने मोबाइल से व्हाट्सऐप कॉल के माध्यम से बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार से कथित रूप से अमर्यादित भाषा में बात की। विज्ञप्ति में आरोप लगाया गया है कि बातचीत के दौरान उन्होंने सरकार बदलने के बाद कार्रवाई करने की धमकी भी दी।
पुलिसकर्मियों के सम्मान और गरिमा को ठेस
एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर भी पुलिस एसोसिएशन एवं पुलिसकर्मियों के प्रति अमर्यादित भाषा का प्रयोग करते हुए वीडियो प्रसारित किए जा रहे हैं। इससे पुलिसकर्मियों के सम्मान और गरिमा को ठेस पहुंच रही है। एसोसिएशन ने विधायक के कथित व्यवहार एवं किए जा रहे कार्यों की कड़ी निंदा की है।
प्रेस विज्ञप्ति जारी कर एसोसिएशन के अध्यक्ष राम नारायण मुर्मू और कोषाध्यक्ष प्रद्युम्न सिंह ने जानकारी दी। उन्होंने कहा कि केंद्रीय एसोसिएशन, रांची द्वारा लिए गए निर्णय का झारखंड सशस्त्र पुलिस-3, गोविंदपुर शाखा के पदाधिकारी, सदस्य एवं कर्मी समर्थन करते हैं।










