Ranchi: आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष और झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो ने कहा कि राज्य की खनिज संपदा झारखंड के लोगों के लिए अभिशाप बनेगी या वरदान, यह सरकार की नीतियों और प्राथमिकताओं से तय होगा। बालूमाथ में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, युवाओं, महिलाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों से संवाद के दौरान उन्होंने खनन, विस्थापन, रोजगार और स्थानीय अधिकारों के मुद्दे उठाए।
सुदेश महतो ने कहा कि जिन क्षेत्रों की जमीन से खनिज निकलता है, वहां रहने वाले लोगों के जीवन में उसका लाभ भी दिखना चाहिए। खनन प्रभावित इलाकों में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सड़क और पेयजल जैसी सुविधाओं में सुधार की जरूरत है। उन्होंने कहा कि विस्थापन को केवल मुआवजे तक सीमित नहीं किया जा सकता। प्रभावित परिवारों के बच्चों की शिक्षा, रोजगार और आने वाली पीढ़ियों की सुरक्षा भी सुनिश्चित होनी चाहिए।
उन्होंने कहा, “जिसकी जमीन जा रही है, उसके लिए वह जमीन केवल जमीन नहीं है। वह उसकी मां और जन्मभूमि के समान है।” उन्होंने सरकार से खनन और औद्योगिक परियोजनाओं से प्रभावित क्षेत्रों के लिए दीर्घकालिक नीति बनाने की मांग की।
10 हजार युवाओं को नेतृत्व के लिए तैयार करने का दावा
आजसू अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी पूरे झारखंड में 10 हजार युवाओं को वैचारिक और सामाजिक नेतृत्व के लिए तैयार करने का अभियान शुरू कर रही है। बालूमाथ का युवा सम्मेलन इसी अभियान का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को जल-जंगल-जमीन, रोजगार, विस्थापन और स्थानीय अधिकारों के सवालों से जोड़ना जरूरी है।
रोजगार के मुद्दे पर उन्होंने JPSC समेत नियुक्ति प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ समझौता नहीं होना चाहिए।
ग्रामसभा की भूमिका मजबूत करने पर जोर
सुदेश महतो ने कहा कि गांव को मजबूत किए बिना झारखंड मजबूत नहीं हो सकता। ग्रामसभा को विकास और प्राकृतिक संसाधनों से जुड़े निर्णयों में वास्तविक भागीदारी मिलनी चाहिए। उन्होंने झारखंड आंदोलन की विरासत और राज्य गठन के उद्देश्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की जरूरत भी बताई।
कार्यक्रम में मैट्रिक और इंटर की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को डिजिटल वॉच और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। विशिष्ट अतिथि के रूप में आजसू के केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत शामिल हुए। पार्टी के कई केंद्रीय, जिला, महिला और युवा पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








