Ranchi: झारखंड में H1N1 (स्वाइन फ्लू) को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने शनिवार, 29 अगस्त 2026 को राज्य में संक्रमण की स्थिति और स्वास्थ्य संस्थानों की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी सिविल सर्जन, मेडिकल कॉलेजों के अधीक्षक एवं प्राचार्य और जिला सर्विलेंस पदाधिकारियों को लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य मंत्री ने संभावित मामलों की समय पर पहचान, जांच, उपचार और निगरानी के साथ गंभीर मरीजों को जरूरत पड़ने पर तत्काल रेफर करने की व्यवस्था मजबूत रखने को कहा। उन्होंने कहा कि सरकार नागरिकों के स्वास्थ्य और जीवन की सुरक्षा को लेकर गंभीर है।
ILI और SARI मामलों की निगरानी बढ़ाने के निर्देश
सभी जिलों में Influenza Like Illness (ILI) और Severe Acute Respiratory Infection (SARI) के मामलों की निगरानी और रिपोर्टिंग को प्रभावी बनाने को कहा गया है। जिला सर्विलेंस पदाधिकारियों को संक्रमण की स्थिति पर लगातार नजर रखने और जरूरत के अनुसार स्वास्थ्य विभाग को तत्काल रिपोर्ट करने का निर्देश दिया गया है।
स्वास्थ्य मंत्री ने अपर मुख्य सचिव अजय कुमार समेत विभाग के वरीय अधिकारियों और विभिन्न जिलों के सिविल सर्जनों के साथ संवाद कर तैयारियों की जानकारी ली।
RIMS समेत अस्पतालों में अतिरिक्त बेड रखने को कहा
विभाग ने RIMS रांची सहित सभी मेडिकल कॉलेज अस्पतालों और सदर अस्पतालों में अतिरिक्त 10 बेड सुरक्षित रखने का निर्देश दिया है। इसके अलावा ऑक्सीजन, आवश्यक दवाओं और चिकित्सा सामग्री का पर्याप्त स्टॉक रखने को कहा गया है।
अस्पतालों में जांच की सुविधा, ICU/HDU की तैयारी और प्रशिक्षित चिकित्सकीय एवं पैरामेडिकल टीम की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया है। अस्पताल प्रबंधन को संभावित मरीजों के इलाज में संसाधनों की कमी नहीं होने देने का निर्देश दिया गया है।
एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर निगरानी
राज्य के एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर भी विशेष निगरानी रखने को कहा गया है। बुखार, खांसी, गले में दर्द, सर्दी-जुकाम या सांस संबंधी परेशानी वाले लोगों का जरूरत के अनुसार क्लिनिकल असेसमेंट किया जाएगा। चिकित्सकीय आवश्यकता होने पर Influenza/H1N1 की जांच कराई जाएगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने लोगों से अपील की है कि ऐसे लक्षण दिखने पर खुद से दवा लेने के बजाय नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल में चिकित्सकीय सलाह लें। उन्होंने कहा कि समय पर पहचान और उचित उपचार मिलने पर अधिकांश मरीज स्वस्थ हो जाते हैं।
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है और सभी संबंधित इकाइयों को अलर्ट मोड में रखा गया है। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने और लक्षण होने पर समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने की अपील की।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








