Giridih: बाइक से लेकर एसयूवी तक शोरूम कीमत पर 40 से 80 प्रतिशत तक छूट देने का दावा करने वाली राधास्वामी संगठन की वाहन योजना अब कथित ठगी के आरोपों को लेकर जांच के घेरे में है। इस मामले में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मुकेश सिन्हा, उनकी पत्नी और जिला प्रभारी अनिशा सिन्हा, अनिशा के भाई सुमित सिन्हा और संगठन के विजिलेंस ऑफिसर सुबोध सिंह को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी अमजद अंसारी की शिकायत के आधार पर हुई है। डीएसपी आरके राणा ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है।
वाहन की कीमत का सिर्फ 20 से 40 प्रतिशत भुगतान का दावा
पुलिस के अनुसार, संगठन की ओर से वाहन योजना के तहत लोगों को वाहन की कीमत का सिर्फ 20 से 40 प्रतिशत भुगतान करने का प्रस्ताव दिया जाता था। दावा था कि इसके बाद वाहन की बाकी किस्त संगठन की ओर से चुकाई जाएगी। इस योजना से जुड़ने के लिए बड़ी संख्या में लोगों ने पैसे जमा किए।
करीब 10 करोड़ रुपये की ठगी का मामला
शिकायत के मुताबिक, शुरुआती कुछ महीनों तक संगठन ने कई लाभुकों की किस्तें जमा कीं। बाद में किस्तों का भुगतान बंद हो गया। इसके बाद योजना से जुड़े लोगों को कथित तौर पर आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ा और मामला पुलिस तक पहुंचा।
डीएसपी आरके राणा के मुताबिक, प्रथम दृष्टया करीब 10 करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। उन्होंने बताया कि जांच आगे बढ़ने पर रकम बढ़ सकती है। पुलिस इस मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
कन्यादान, टेंट-डेकोरेशन और आवास योजना लालच देकर ठगी
वाहन योजना के अलावा संगठन की ओर से कन्यादान, टेंट-डेकोरेशन और आवास योजना समेत कई योजनाओं का प्रचार किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस इन योजनाओं से जुड़े लेन-देन और लाभुकों की शिकायतों की भी जांच कर रही है।
इस मामले में गिरफ्तार अनिशा सिन्हा वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव में भी चर्चा में रही थीं। उन्होंने गिरिडीह विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था और मंत्री सुदिव्य कुमार तथा भाजपा नेता निर्भय शाहबादी के खिलाफ मैदान में थीं। हालांकि, चुनाव परिणाम में उन्हें सीमित वोट मिले। अब संगठन से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच पुलिस कर रही है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









