Ranchi: रांची के निजी ट्यूलिप हॉस्पिटल में मरीज और उनके परिजनों के साथ कथित मारपीट और दुर्व्यवहार का मामला सामने आया था। जिसके बाद झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी का बड़ा बयान सामने आया है। मंत्री ने सख्त रुख अपनाया है मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच के आदेश दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग को दो दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।
ट्यूलिप हॉस्पिटल मामले की होगी जांच
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि अस्पताल इलाज और लोगों की जान बचाने के लिए होते हैं, न कि गुंडागर्दी, शोषण या मारपीट के लिए। उन्होंने कहा कि ट्यूलिप हॉस्पिटल में सामने आई घटना को उन्होंने बेहद गंभीरता से लिया है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह को तत्काल एक जांच कमेटी गठित करने का निर्देश दिया है। कमेटी पूरे मामले की जांच कर दो दिनों के भीतर रिपोर्ट स्वास्थ्य मंत्री को सौंपेगी।
दोष मिला तो होगी कड़ी कार्रवाई
स्वास्थ्य मंत्री ने स्पष्ट किया कि जांच में यदि किसी भी तरह की अनियमितता, मनमानी या दोष सामने आता है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी निजी अस्पताल को आम जनता के साथ मनमानी करने की छूट नहीं दी जा सकती।
उन्होंने यह भी कहा कि निजी अस्पताल चाहे किसी बड़े नेता, कारोबारी, पूंजीपति या प्रभावशाली व्यक्ति से जुड़ा हो, कानून से ऊपर कोई नहीं है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर जुर्माने से लेकर अस्पताल को सील करने तक की कार्रवाई की जा सकती है।
अस्पतालों में बाउंसरों की मनमानी पर भी सख्ती
इरफान अंसारी ने कहा कि मरीज इलाज और सुरक्षा की उम्मीद लेकर अस्पताल पहुंचता है। ऐसे में यदि किसी निजी अस्पताल में बाउंसरों के जरिए मरीज या उनके परिजनों के साथ मारपीट या डराने-धमकाने की स्थिति बनती है, तो इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अस्पताल में मरीज और उनके परिजनों को सुरक्षा और सम्मान मिलना चाहिए, डर और दहशत नहीं।
‘जनता सर्वोपरि‘, इरफान अंसारी ने दी कार्रवाई की चेतावनी
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि उनके लिए जनता सर्वोपरि है और झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने दो टूक कहा कि जनता के साथ अन्याय होगा तो डॉ. इरफान अंसारी चुप नहीं बैठेंगे।
अब जांच कमेटी की रिपोर्ट के बाद यह स्पष्ट होगा कि ट्यूलिप हॉस्पिटल में सामने आई घटना में किसकी भूमिका रही और क्या अस्पताल प्रबंधन या अन्य लोगों की ओर से नियमों का उल्लंघन किया गया है।
कंटेंट राइटर एवं रिपोर्टर, खबर मन्त्र। झारखंड के स्थानीय समाचार, महिला विकास, कला और लाइफस्टाइल खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।








