Dhanbad: धनबाद जिले के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के साधोबाद गांव के समीप ताराटांड़ जंगल में शुक्रवार देर रात पुलिस ने छापेमारी कर नकली विदेशी शराब बनाने वाली फैक्टरी का भंडाफोड़ किया। धनबाद एसएसपी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने भारी मात्रा में नकली शराब के साथ शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाला स्प्रिट, कैरामल, विभिन्न नामी ब्रांडों के रैपर व स्टिकर, खाली बोतलें, ढक्कन समेत अन्य सामग्री जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, घने जंगल का फायदा उठाकर शराब माफिया लंबे समय से यहां नकली अंग्रेजी शराब तैयार कर रहे थे। तैयार शराब को धनबाद के अलावा आसपास के जिलों और अन्य राज्यों में सप्लाई किए जाने की सूचना थी। छापेमारी के दौरान मौके से ओल्ड हैबिट, रॉयल स्टैग समेत कई नामी ब्रांडों के स्टिकर लगी नकली शराब की बोतलें बरामद की गई हैं। शराब को विभिन्न पेटियों में पैक कर बिक्री के लिए तैयार रखा गया था।
पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही धंधे में शामिल लोग अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है। पुलिस ने जब्त सामान को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया है और फरार आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली शराब के इस कारोबार के पीछे कौन-कौन से बड़े शराब माफिया सक्रिय हैं और इसका नेटवर्क धनबाद के अलावा किन जिलों व राज्यों तक फैला हुआ है। पूरे मामले में पुलिस की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विस्तृत जानकारी दिए जाने की संभावना है। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.







