Koderma: कोडरमा जिले में रांची-पटना रोड स्थित न्यू कामेश्वरी क्लीनिक में मंगलवार की रात उस समय अफरातफरी मच गई जब इलाज के दौरान एक महिला का मौत हो गई। मृतका की पहचान छतरबर निवासी विनीता कुमारी के रूप में हुई है।
महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए। उन्होंने क्लीनिक परिसर में हंगामा करने के साथ तोड़फोड़ भी की। इसके बाद काफी देर तक वहां अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई।
पेट दर्द और कमजोरी की शिकायत के बाद क्लीनिक में भर्ती कराया गया था
परिजनों के अनुसार, विनीता को पेट दर्द और कमजोरी की शिकायत के बाद क्लीनिक लाया गया था। उनका कहना है कि वह करीब चार माह की गर्भवती थी। अल्ट्रासाउंड में गर्भस्थ शिशु के असामान्य होने की जानकारी मिलने के बाद उसे गर्भपात के लिए क्लीनिक लाया गया था।
परिजनों का दावा है कि इलाज के दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई और मौत हो गई। उनके मुताबिक, इससे पहले सोमवार को महिला को एक यूनिट ब्लड भी चढ़ाया गया था। विनीता का मायका छतरबर और ससुराल मरकच्चो थाना क्षेत्र के जामू में बताया गया है।
क्लीनिक प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप
मौत के बाद परिजनों ने डॉक्टर और क्लीनिक प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। दूसरी ओर, क्लीनिक प्रबंधन ने किसी तरह की चिकित्सकीय चूक से इनकार किया और कहा कि मरीज का इलाज निर्धारित चिकित्सकीय प्रक्रिया के तहत सावधानी से किया गया।
सूचना पर थाना प्रभारी विनय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। देर रात सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार भी क्लीनिक पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
परिजनों और क्लीनिक प्रबंधन के बीच घंटों विवाद
घटना के बाद परिजनों और क्लीनिक प्रबंधन के बीच घंटों विवाद चला। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौते की बात सामने आई। स्थानीय स्तर पर लाखों रुपये में समझौता होने की चर्चा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
स्थानीय लोगों ने क्लीनिक की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। बताया गया है कि कोडरमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थापित डॉ. आरपी शर्मा इस क्लीनिक में सेवा देते हैं।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.












