रांची: शहर में GAIL की ओर से किए जा रहे सड़क और पाइपलाइन संबंधी कार्यों को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों और संवेदकों को काम के दौरान सड़क सुरक्षा का ध्यान रखने के साथ-साथ कार्य पूरा होने के बाद सड़क को उसकी पुरानी स्थिति में बहाल करने का निर्देश दिया है।
जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी सदर कुमार रजत की अध्यक्षता में GAIL के अधिकारियों और संबंधित संवेदकों के साथ बैठक हुई। इसमें सड़क पर चल रहे कार्यों, सुरक्षा व्यवस्था और परियोजनाओं को समय पर पूरा करने को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए।
काम खत्म होते ही भरने होंगे सड़क के गड्ढे
बैठक में एसडीओ ने स्पष्ट किया कि सड़क पर किसी भी तरह का काम पूरा होने के बाद उसकी स्थिति पहले जैसी करना अनिवार्य होगा। पाइपलाइन या अन्य कार्यों के दौरान सड़क पर किए गए गड्ढों को काम पूरा होते ही भरकर सड़क को समतल और आवागमन योग्य बनाने का निर्देश दिया गया।
प्रशासन ने कहा कि विकास कार्यों के कारण आम लोगों को लंबे समय तक आवागमन में परेशानी नहीं होनी चाहिए। सड़क की गुणवत्ता और उसे पूर्व स्थिति में बहाल करने की जिम्मेदारी संबंधित संवेदकों की होगी।
बैरेकेडिंग और सुरक्षा मानकों का पालन जरूरी
कार्यस्थल पर उचित बैरेकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि निर्माण कार्य के दौरान वाहन चालकों और पैदल यात्रियों के सुरक्षित आवागमन के लिए पर्याप्त व्यवस्था रहे।
प्रशासन ने दुर्घटनाओं की आशंका को रोकने के लिए कार्यस्थलों पर सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन कराने पर जोर दिया।
NHAI और पथ निर्माण विभाग के साथ समन्वय
बैठक में GAIL के अधिकारियों को NHAI और पथ निर्माण विभाग (RCD) के संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर काम करने का निर्देश दिया गया। प्रशासन का कहना है कि अलग-अलग एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल से परियोजनाओं को समय पर पूरा करने में मदद मिलेगी।
एसडीओ सदर ने संबंधित अधिकारियों और संवेदकों को परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही, कार्यों की नियमित निगरानी और प्रशासन की ओर से तय सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा।
जन शिकायत के लिए रांची जिला प्रशासन का आधिकारिक WhatsApp नंबर: 9430328080

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis












