Jamshedpur: जमशेदपुर के बिष्टुपुर में सोमवार, 12 अक्टूबर को भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर भिड़ंत हो गई। दोनों पक्षों के बीच पथराव में भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष दिनेश कुमार और कांग्रेस के उपाध्यक्ष समेत 10 से अधिक लोगों के सिर में चोट लगने की सूचना है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रदर्शन के दौरान दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच विवाद
जानकारी के अनुसार, भाजपा जमशेदपुर महानगर महिला मोर्चा ने जेएनयू प्रकरण को लेकर बिष्टुपुर स्थित कांग्रेस मुख्यालय तिलक पुस्तकालय के बाहर विरोध प्रदर्शन का कार्यक्रम तय किया था। प्रदर्शन में मणिपुर से कांग्रेस सांसद एवं पूर्व प्रोफेसर डॉ. अंगोमचा बिमोल अकोईजाम के खिलाफ कार्रवाई, गिरफ्तारी और बर्खास्तगी की मांग उठाई जानी थी।
निर्धारित कार्यक्रम के तहत भाजपा कार्यकर्ताओं को सुबह 11:30 बजे बिष्टुपुर के जी टाउन क्लब मैदान में जुटना था। यहां से कार्यकर्ता कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते मामला बढ़ा और दोनों पक्षों के बीच पथराव होने लगा।
झड़प में कई लोगों के घायल होने की सूचना
इस दौरान कई लोगों के घायल होने की सूचना है। हालांकि, घायलों की वास्तविक संख्या, उनकी स्थिति और पुलिस की कार्रवाई के बारे में विस्तृत जानकारी की पुष्टि नहीं हो सकी है।
फिलहाल यह भी स्पष्ट नहीं है कि विवाद की शुरुआत किस बात पर हुई और पथराव पहले किस पक्ष की ओर से किया गया। घटना के कारण बिष्टुपुर में राजनीतिक तनाव की स्थिति बन गई। मामले से जुड़ी आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही घटनाक्रम की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









