पलामू: नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के मंगराडीह गांव में बुधवार सुबह डायन-बिसाही के आरोप में 60 वर्षीय बुजुर्ग की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान विश्रामपुर थाना क्षेत्र के कौड़िया गांव निवासी सीताराम के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में तनाव और सनसनी का माहौल है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
करीब 40 वर्षों से ससुराल में रह रहे थे सीताराम
जानकारी के अनुसार, सीताराम पिछले करीब 40 वर्षों से मंगराडीह गांव स्थित अपने ससुराल में रह रहे थे। बताया जा रहा है कि गांव के ही महंग राम के परिवार के साथ उनका पुराना विवाद था। आरोप है कि महंग राम के परिजन सीताराम पर डायन-बिसाही करने का शक जताते थे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी विवाद होता रहा था।
युवक की मौत के बाद बढ़ा विवाद
बताया गया कि कुछ दिन पहले महंग राम के 22 वर्षीय बेटे विवेक कुमार की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। परिजनों ने उसे इलाज के लिए रांची के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। मंगलवार देर रात इलाज के दौरान विवेक की मौत हो गई।
विवेक की मौत के बाद बुधवार सुबह उसके परिजन प्रमोद कुमार और सोनू कुमार कथित तौर पर सीताराम के घर पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने सीताराम पर डायन-बिसाही का आरोप लगाते हुए धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में सीताराम की मौत हो गई। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही नौडीहा बाजार थाना प्रभारी नीरज कुमार और सरइडीह पिकेट प्रभारी अजय कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई।
पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








