धनबाद: धनबाद जिले के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में युवक की तलवार से हमला कर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मृतक की पहचान घोसकोडीह निवासी दौलत राम के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, 26 अक्टूबर की सुबह राजगंज बाजार जाने के दौरान युवक पर हमला किया गया था। मामले में सिटी एसपी ने प्रेस वार्ता कर गिरफ्तारी और बरामदगी की जानकारी दी।
राजगंज बाजार जाते समय किया गया हमला
पुलिस के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब सात बजे दौलत राम अपने घर से राजगंज बाजार जा रहे थे। इसी दौरान निरसा चोपला क्षेत्र में कथित तौर पर त्रिवेणी महतो और सूर्यकांत महतो उर्फ विनोद महतो ने उन्हें रास्ते में रोक लिया।
आरोप है कि दोनों ने तलवार से दौलत राम की गर्दन पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों को भी जान से मारने की धमकी दिए जाने का आरोप है।
पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान त्रिवेणी महतो (52 वर्ष) और सूर्यकांत महतो उर्फ विनोद महतो (48 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के घोसकोडीह गांव के रहने वाले बताए गए हैं।
खून लगी तलवार समेत कई सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से हत्या में कथित तौर पर इस्तेमाल की गई खून लगी तलवार, एक मोटरसाइकिल, खून लगा शर्ट और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
सिटी एसपी ने प्रेस वार्ता में बताया कि मामले में अन्य नामजद आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस की जांच जारी है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









