ऑकलैंड: भारत और न्यूजीलैंड के बीच शुक्रवार को खेले जा रहे चौथे T20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में न्यूजीलैंड ने भारतीय टीम के सामने 260 रन का विशाल लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 259 रन बनाए। यह न्यूजीलैंड का टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अब तक का सर्वोच्च स्कोर है।
ग्लेन फिलिप्स ने जड़ा तूफानी शतक
न्यूजीलैंड की ओर से ग्लेन फिलिप्स ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 49 गेंदों पर 107 रन बनाए। वहीं, माइकल ब्रेसवेल ने महज 25 गेंदों में 65 रन की विस्फोटक पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों ने 34 गेंदों में 100 रन की साझेदारी कर भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बनाया।
एक ओवर में फिलिप्स ने लगाए लगातार चार छक्के
पारी के 16वें ओवर में ग्लेन फिलिप्स ने नीतीश कुमार रेड्डी की गेंदबाजी पर लगातार चार छक्के जड़ दिए। इस ओवर में न्यूजीलैंड ने कुल 32 रन बटोरे और टीम का स्कोर 200 के पार पहुंच गया।
16 ओवर की समाप्ति पर न्यूजीलैंड ने 4 विकेट खोकर 206 रन बना लिए थे।
ब्रेसवेल को प्रिंस यादव ने किया आउट
न्यूजीलैंड की पारी के 18वें ओवर में प्रिंस यादव ने माइकल ब्रेसवेल को एलबीडब्ल्यू आउट किया। ब्रेसवेल ने 25 गेंदों की अपनी पारी में 4 चौके और 6 छक्के लगाए।
ब्रेसवेल ने आउट होने के फैसले पर रिव्यू भी लिया, लेकिन बॉल ट्रैकिंग में गेंद स्टंप से टकराती दिखाई दी और उन्हें पवेलियन लौटना पड़ा।
भारत के सामने रिकॉर्ड रन चेज की चुनौती
न्यूजीलैंड के 259 रन के जवाब में भारतीय टीम को जीत के लिए 260 रन बनाने होंगे। टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में इतना बड़ा लक्ष्य हासिल करना भारत के लिए बड़ी चुनौती होगी। अब भारतीय बल्लेबाजों के प्रदर्शन पर सबकी नजरें रहेंगी।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









