Ranchi: राजधानी रांची के लोअर बाजार थाना क्षेत्र में चाकू का भय दिखाकर एक 18 वर्षीय युवक से छिनतई करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से लूटे गए दोनों मोबाइल फोन, चांदी का ब्रेसलेट और वारदात में इस्तेमाल किया गया स्टील का चाकू बरामद किया है।
अपराधियों ने चाकू दिखाकर की थी छिनतई
मामला लोअर बाजार थाना कांड संख्या 182/2026 से जुड़ा है। जानकारी के अनुसार, 22 अक्टूबर को अमित कुमार ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया था कि अपराधियों ने चाकू दिखाकर उससे दो मोबाइल फोन, एक चांदी का ब्रेसलेट और 12 हजार रुपये छीन लिए थे।
शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और संदिग्धों का सत्यापन करने के बाद गुप्त सूचना के आधार पर अहमद तलहा उर्फ चरका और साहिर खान उर्फ बाबु चरका को हिरासत में लिया गया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
आईफोन, एक रेडमी मोबाइल समेत कई सामान बरामद
गिरफ्तार आरोपियों में 24 वर्षीय अहमद तलहा और 22 वर्षीय साहिर खान शामिल हैं। दोनों नाजिर अली लेन स्थित सरकारी कुआं के पास के रहने वाले हैं।
पुलिस ने एक आईफोन, एक रेडमी मोबाइल, ब्रेसलेट और स्टील का चाकू बरामद किया है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, अहमद तलहा के खिलाफ कोतवाली थाना में वर्ष 2016 में लूट और चोरी की संपत्ति से संबंधित मामला दर्ज है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









