Ranchi: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने भाजपा के प्रदर्शन को राजनीतिक नौटंकी करार देते हुए कहा कि पार्टी के नेता सड़कों पर ढोल पीट रहे थे, लेकिन जनता नदारद थी।
इरफान अंसारी ने कहा कि दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की रैली में उमड़ी भीड़ से भाजपा बौखला गई है। राहुल गांधी के नेतृत्व में हुई महारैली ने भाजपा को परेशान कर दिया है। इसी बौखलाहट में भाजपा के नेता नाटक मंडली की तरह सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
भाजपा का कार्यक्रम जनभावनाओं का अपमान
मंत्री ने भाजपा के कार्यक्रम को जनभावनाओं का अपमान बताते हुए इसकी निंदा की। उन्होंने कहा कि वह फिलहाल दिल्ली में हैं। अगर रांची में होते तो भाजपा की इस राजनीतिक गतिविधि का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देते।
मंत्री ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग दोहराते हुए कहा कि लोकतंत्र और संविधान से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े जो सवाल उठाए हैं, उनसे भाजपा परेशान है।
राजनीतिक दलों की ताकत का फैसला सड़कों पर प्रदर्शन से नहीं
इरफान अंसारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र करते हुए कहा कि आने वाले समय में जनता के सवालों का जवाब उन्हें भी देना होगा। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों की ताकत का फैसला सड़कों पर प्रदर्शन से नहीं, बल्कि लोकतंत्र में जनता के वोट से होता है।
गौरतलब है कि एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन ने SIR और मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं के विरोध में रैली की थी। इसी के बाद भाजपा ने भी जवाबी राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित किए।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








