Koderma: झारखंड के कोडरमा जिले में एनएच-20 पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 24 वर्षीय बाइक सवार विजय कुमार की मौत हो गई। घटना तिलैया थाना क्षेत्र में श्रीराम धर्म कांटा के पास बीती रात हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सामने से आ रहे ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक बाइक और युवक को करीब 100 मीटर तक घसीटता ले गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
काम खत्म कर दोस्त को खाना पहुंचाने जा रहा था युवक
मृतक विजय कुमार कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र के मड़ुवाटांड़ का रहने वाला था। उसके पिता का नाम प्राण कुमार बताया गया है। विजय कोडरमा रेलवे स्टेशन के पास ठेले पर फास्ट फूड बेचकर अपना जीवनयापन करता था।
जानकारी के मुताबिक, काम खत्म करने के बाद विजय अपने दोस्त की बाइक लेकर उसके लिए चाऊमीन और मंचूरियन पहुंचाने जा रहा था। उसका दोस्त बायपास रोड स्थित एक गैरेज में काम करता है। इसी दौरान एनएच-20 पर श्रीराम धर्म कांटा के पास सामने से आ रहे ट्रक से उसकी बाइक की टक्कर हो गई। इस हादसे में विजय गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद ट्रक छोड़कर फरार हुआ चालक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद लोगों ने शोर मचाया तो ट्रक चालक वाहन रोककर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही तिलैया थाना पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने बिना देरी किए घायल विजय को सदर अस्पताल, कोडरमा पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
विजय की मौत की खबर मिलते ही परिजन सदर अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में युवक की मौत की जानकारी मिलने के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी। वहीं, तिलैया पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर थाने ले आई है।
बाइपास पर सर्विस लेन नहीं होना बन रहा हादसों की वजह?
स्थानीय लोगों के मुताबिक, श्रीराम धर्म कांटा के पास सड़क किनारे अक्सर पानी जमा रहता है। इसके अलावा, झुमरीतिलैया बाइपास पर सर्विस लेन का निर्माण कार्य पूरा होने के बावजूद श्रीराम धर्म कांटा के पास लगभग 200 मीटर तक सर्विस लेन नहीं बनी है।
लोगों का कहना है कि इस अधूरे हिस्से के कारण यहां अक्सर सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं और कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। स्थानीय लोगों ने इस स्थान पर सड़क की स्थिति सुधारने और सर्विस लेन का निर्माण पूरा कराने की जरूरत बताई है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर बाइपास पर सड़क सुरक्षा और अधूरी सर्विस लेन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
कंटेंट राइटर एवं रिपोर्टर, खबर मन्त्र। झारखंड के स्थानीय समाचार, महिला विकास, कला और लाइफस्टाइल खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।









