Ranchi: ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने इंटरनेशनल क्रिकेट से पूरी तरह संन्यास ले लिया है। उन्होंने टी-20 इंटरनेशनल के साथ लिस्ट-A और फर्स्ट-क्लास क्रिकेट को भी अलविदा कह दिया है। इससे पहले जून 2025 में वह वनडे क्रिकेट से संन्यास ले चुके थे। हालांकि, मैक्सवेल फ्रेंचाइजी क्रिकेट में खेलना जारी रखेंगे।
मैक्सवेल मेलबर्न स्टार्स की ओर से बिग बैश लीग (BBL) में खेलते रहेंगे। टीम के साथ उनका कॉन्ट्रैक्ट 2027-28 सीजन तक है। इसके अलावा उनके IPL में खेलने की संभावनाएं भी बनी हुई हैं।
130 टी-20 इंटरनेशनल में बनाए 2,897 रन
मैक्सवेल ने 2012 में पाकिस्तान के खिलाफ टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए 130 टी-20 मैचों में 2,897 रन बनाए। वह इस फॉर्मेट में ऑस्ट्रेलिया के तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उनके नाम पांच टी-20 इंटरनेशनल शतक हैं। भारत के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा के नाम भी इस फॉर्मेट में पांच शतक दर्ज हैं।
उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए सात टेस्ट मैच भी खेले, जिनमें 339 रन बनाए। उनका इकलौता टेस्ट शतक 2017 में भारत के खिलाफ रांची में आया था। उनका आखिरी इंटरनेशनल मुकाबला फरवरी 2026 में टी-20 वर्ल्ड कप में ओमान के खिलाफ था।
टीम मैनेजमेंट की ओर से संन्यास के दबाव का खंडन
मैक्सवेल ने ‘द फाइनल वर्ड’ पॉडकास्ट में बताया कि उनके भविष्य को लेकर टी-20 वर्ल्ड कप से पहले और बाद में बातचीत हुई थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि टीम मैनेजमेंट की ओर से संन्यास का कोई दबाव नहीं था। टीम नए खिलाड़ियों को मौके देना चाहती थी और बांग्लादेश दौरे पर ऐसा किया भी गया।
मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर एक विदाई मैच खेलने की ख्वाहिश
मैक्सवेल की इच्छा थी कि उन्हें मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) पर एक विदाई मैच खेलने का मौका मिले। इंग्लैंड के खिलाफ आगामी व्हाइट-बॉल सीरीज में मेलबर्न में टी-20 मैच खेलने का विकल्प उनके पास था, लेकिन उन्होंने BBL की तैयारी को प्राथमिकता दी।
घुटने की चोट से उबरने के लिए मैक्सवेल आठ सप्ताह तक रिहैब करेंगे। उनका लक्ष्य बिग बैश लीग के अगले सीजन के लिए फिट होना है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









