Mujjafferpur: मुजफ्फरपुर के सदर थाना क्षेत्र स्थित गोबरसही-डुमरी इलाके में सोमवार दोपहर PNG गैस पाइपलाइन में रिसाव के बाद जोरदार धमाका हो गया। करीब 12 बजे हुए इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक लोगों के घायल होने की सूचना है। धमाके की आवाज करीब तीन किलोमीटर दूर तक सुनाई दी।
आसपास के दर्जनों घरों और कई वाहनों को नुकसान
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटनास्थल के पास PNG पाइपलाइन के नजदीक नाले का निर्माण कार्य चल रहा था। इस दौरान वहां एक जेसीबी भी काम कर रही थी। तभी अचानक जोरदार ब्लास्ट हुआ। धमाके से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
चार मंजिला इमारत बुरी तरह क्षतिग्रस्त
हादसे में आसपास के दर्जनों घरों और कई वाहनों को नुकसान पहुंचा है। चार मंजिला इमारत बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि करीब 100 मीटर के दायरे में कई मकानों की खिड़कियों के शीशे टूट गए। घटनास्थल पर एक शव भी बरामद किया गया है।
नाला निर्माण के दौरान हुआ हादसा
जिला फायर अफसर प्रज्ञा शरण ने बताया कि दोपहर 12 बजकर 24 मिनट पर घटना की सूचना मिली थी। गैस पाइपलाइन के पास नाला निर्माण का काम चल रहा था, इसी दौरान ब्लास्ट हुआ। धमाके के बाद पास की एक इमारत में आग लग गई, जिस पर काबू पा लिया गया है।
उन्होंने बताया कि आग बुझाने के लिए दो बड़ी और तीन छोटी दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। जिला प्रशासन की टीम राहत और बचाव कार्य में जुटी है। घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है। फिलहाल हादसे के वास्तविक कारणों और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








