झुंझुनूं (राजस्थान): राजस्थान के झुंझुनूं जिले में सोमवार को सड़क निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। उदयपुरवाटी तहसील के छापोली गांव में हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से 8 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए।
उदयपुरवाटी थाना प्रभारी रामपाल के अनुसार, सड़क निर्माण के दौरान बजरी मिलाने के लिए इस्तेमाल की जा रही मशीन ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गई। इसके बाद मशीन में करंट दौड़ गया और वहां काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर धरना शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर विधायक भगवानाराम सैनी और डीएसपी सुगन सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जताया दुख
हादसे पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार और प्रभावित परिवारों को तत्काल हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घटना की जांच करने को भी कहा है।
मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
हादसे के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने घटना को लेकर धरना शुरू कर दिया है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









