Chatra: चतरा जिले के गिद्धौर प्रखंड मुख्यालय स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में सोमवार रात नौवीं कक्षा की एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।
भोजन के लिए नहीं पहुंचने पर हुआ शक
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 8:30 बजे छात्रावास की अन्य छात्राएं भोजन करने के लिए डाइनिंग हॉल गई थीं। इसी दौरान एक छात्रा भोजन के लिए नहीं पहुंची। उसकी सहपाठियां उसे बुलाने के लिए कमरे में गईं, जहां वह गंभीर हालत में मिली। छात्राओं ने तत्काल इसकी जानकारी विद्यालय की शिक्षिकाओं और वार्डन को दी।
28 नवंबर को छुट्टी बिताकर वापस विद्यालय लौटी थी छात्रा
विद्यालय प्रबंधन की ओर से छात्रा को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC), गिद्धौर ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चतरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, सदर अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के अनुसार, वह 28 नवंबर को छुट्टी बिताकर वापस विद्यालय लौटी थी। घटना की खबर मिलने के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
मामले की जानकारी मिलते ही अंचल अधिकारी अनंत श्यामन विश्वकर्मा और थाना प्रभारी पुरुषोत्तम अग्निहोत्री पुलिस बल के साथ विद्यालय पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और छात्राओं तथा विद्यालय कर्मियों से पूछताछ की।
फिलहाल छात्रा की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









